ETV Bharat / state

न्यू ईयर से पहले हरियाणा में बारिश का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर, घनी धुंध से यातायात प्रभावित

न्यू ईयर से पहले हरियाणा में घना कोहरा छाया हुआ है. साथ ही मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है.

HARYANA RAIN ALERT
न्यू ईयर से पहले हरियाणा में बारिश का अलर्ट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 31, 2025 at 10:37 AM IST

|

Updated : December 31, 2025 at 11:15 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़/सिरसा/ हिसार: नए साल से ठीक पहले हरियाणा में घनी धुंध ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. बुधवार सुबह पानीपत, जींद, कैथल, सोनीपत, करनाल, झज्जर, हिसार, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और पलवल में विजिबिलिटी महज 10 से 50 मीटर के बीच रही. सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और सुबह के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

तीन जिलों में आज बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग (IMD) ने सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में आज रात गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है. नमी वाली हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा और घना हो सकता है. विभाग के अनुसार आज रात से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश शुरू होने से मैदानी क्षेत्रों में ठंड और तेज होगी.

20 साल बाद सूखा दिसंबर बनने की कगार पर: हरियाणा में इस पूरे दिसंबर महीने में अब तक एक बूंद भी बारिश दर्ज नहीं हुई है. यदि महीने के आखिरी दिन तक बारिश नहीं होती, तो यह बीते 20 वर्षों में पहली बार होगा जब दिसंबर पूरी तरह सूखा रहेगा इससे पहले साल 2005 में ऐसा हुआ था इसके बाद हर साल दिसंबर में किसी न किसी रूप में बारिश दर्ज की जाती रही है

घनी धुंध से यातायात प्रभावित (Etv Bharat)

पश्चिमी विक्षोभ का असर: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है. दिन में धूप कमजोर रही, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया.

सोनीपत सबसे ठंडा: पिछले 24 घंटों में सोनीपत प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं महेंद्रगढ़ में 24.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड हुआ. हिसार में 20.0, गुरुग्राम में 20.3 और चंडीगढ़ में 18.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, येलो अलर्ट जारी: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के बीच कोहरा लगातार कहर बरपा रहा है.हिसार में हाल ही में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो शिमला से भी कम दर्ज हुआ. मौसम विशेषज्ञों ने आज और एक जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.

जनवरी की शुरुआत में और बढ़ेगी ठिठुरन: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 2 जनवरी के बाद जब पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ेगा, तो पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होगी. इसका असर मैदानी राज्यों में बर्फीली हवाओं के रूप में दिखेगा. इससे दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आएगी और हरियाणा में ठंड अपने सबसे तीखे तेवर दिखाएगी.

जानें क्या बोले मौसम वैज्ञानिक: बदलते मौसम को लेकर मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि, "राज्य में मौसम 2 जनवरी तक परिवर्तनशील बना रहेगा. 31 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. इससे दिन के तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने से सुबह धुंध की स्थिति बनेगी.

रात से मौसम में आएगा बदलाव: वहीं, एक अन्य मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान समय में हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में हाड़ कंपा देने वाली ठंड अपने तेवर दिखा रही है पिछली मौसम प्रणाली के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है, जिसकी वजह से एक बार फिर घना कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं 31 दिसंबर को एक नया मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा इसके प्रभाव से 31 दिसंबर की रात से मौसम में बदलाव आएगा और 1 जनवरी को हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता 2 जनवरी के बाद मौसम प्रणाली आगे बढ़ जाएगी, लेकिन इसके बाद पहाड़ों पर भारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा इससे ठंडी और बर्फीली हवाएं चलेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट आएगी और ठंड और अधिक बढ़ जाएगी

हिसार में रेल यातायात प्रभावित: कोहरे का सबसे ज्यादा असर हिसार में रेल सेवाओं पर पड़ा है. किसान एक्सप्रेस लगभग आधा घंटा देरी से पहुंची, जबकि रेवाड़ी–फाजिल्का एक्सप्रेस 26 मिनट लेट रही. गोरखधाम एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक और हरिद्वार–भावनगर एक्सप्रेस करीब सवा दो घंटे की देरी से चली. यात्रियों को ठंड और इंतजार, दोनों की मार झेलनी पड़ी

घने कोहरे के कारण रोडवेज बसों की रफ्तार पर लगाम: सर्दी के मौसम में घने कोहरे की बढ़ती समस्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने रोडवेज बस चालकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है, इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है आदेशों के अनुसार अब सभी रोडवेज बसों को तय स्पीड लिमिट में ही चलाना होगा और सुबह व देर रात के समय विशेष सतर्कता बरतनी अनिवार्य होगी नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है

एडवाइजरी जारी: परिवहन विभाग ने कोहरे के दौरान सुरक्षित यात्रा के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें फॉग लाइट के सही इस्तेमाल, हेडलाइट लो बीम पर रखने, अचानक ब्रेक न लगाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश शामिल हैं सिरसा रोडवेज के महा प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि, "सर्दियों में हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है सभी चालकों को दिशा-निर्देशों से अवगत करा दिया गया है और नियमित निगरानी की जा रही है. यात्रियों से अपील की गई है कि नियमों की अनदेखी होने पर तुरंत रोडवेज अधिकारियों को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में ठंड का टॉर्चर, शिमला से भी ठंडा रहा हिसार, लोग बोले- "हमारी तो रफ्तार में लग गई ब्रेक"

Last Updated : December 31, 2025 at 11:15 AM IST