जमशेदपुर में फ्लावर शो, फूलों की खुशबू लोगों को दे रहा सुकून
जमशेदपुर में रंग बिरंगे आकर्षक फूलों की प्रदर्शनी शुरू हो गई है. इसे देखने के लिए पुष्प प्रेमी दूर दूर से टाटानगरी पहुंच रहे हैं.

Published : December 30, 2025 at 8:58 PM IST
जमशेदपुर: सर्दी के मौसम में फूलों की खुशबू जमशेदपुर में बिखरी पड़ी है. बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में जमशेदपुर हॉर्टिकल्चर सोसाइटी और टाटा स्टील जुस्को के सहयोग से फ्लावर शो का आयोजन किया गया है. यहां लोग रंग बिरंगे खूबसूरत फूलों का आनंद ले रहे हैं. उनका कहना है कि फूलों के रंग और उनकी खुशबू के बीच मन खुशनुमा हो जाता है, इनसे सीख लेने की जरूरत है.
प्रदर्शनी में नामचीन फूलों की किस्म
जमशेदपुर वासी इन दिनों रंग बिरंगी खूबसूरत आकर्षक फूलों का आनंद ले रहे हैं. यहां कई प्रजाति के फूल सजाए गए हैं, जिनमें सूरजमुखी, गेंदा, ट्यूलिप डाहलिया, गुलाब, ग्लोरियस, जबेरा के अलावा कई नामचीन फूल शामिल हैं. बोनसाई ट्री आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जिनमें 50 साल पुराना बोनसाई का पेड़ भी शामिल है.
दूर दूर से गोपाल मैदान आ रहे पर्यटक
फूलों की प्रदर्शनी देखने के लिए न सिर्फ शहर से बल्कि दूर दराज क्षेत्र से भी पर्यटक आ रहे हैं. यहां परिवार के साथ आने वाले लोग इन फूलों के बीच घूमते हुए पल को यादगार बनाने के लिए सेल्फी भी ले रहे हैं. बता दें कि इस पुष्प प्रदर्शनी में फूलों की विभिन्न प्रजातियों की जानकारी के साथ-साथ घरों में बागवानी करने के तरीके और उसमें इस्तेमाल किए जाने वाले चीजों के बारे में भी जानकारी दी जा जाती है.
प्रदर्शनी का उद्देश्य पर्यावरण से प्रेम
सर्दी के मौसम में हर साल गोपाल मैदान में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है. इसका उद्देश्य है कि साल के आखिरी दिनों में लोग अच्छे माहौल में परिवार के साथ घूम सके और प्रकृति, पर्यावरण के प्रति जागरूक होकर अपने घरों में पेड़ पौधे लगा सके, जिससे हरियाली बनी रहे.

भागदौड़ भरी जिंदगी से तनाव फूलों के बगीचे या पौधों के आसपास जाने से ही रंग बिरंगी फूलों को देखकर और उनकी खुशबू से दूर हो जाता है. बागवानी हर घर में होनी चाहिए. हर पर्व त्यौहार को यादगार बनाने के लिए उस दिन अपने घर में एक छोटे प्लांट को लगाना चाहिए, जिससे वो पल हमेशा यादगार रहे और घर का माहौल भी हरियाली से भरा हुआ खुशनुमा रहे: बी.सुंदररामम, वीपीसीएस, टाटा स्टील
जीवन में प्रेरणा के लिए प्रोत्साहित करते हैं फूलों के रंग
फूलों की प्रदर्शनी में परिवार के साथ आए बच्चे भी उनका आनंद दे रहे हैं. बच्चों का कहना है कि ऐसे फूलों को देखकर बहुत ही अच्छा लग रहा है, उन्हें काफी खुशी मिल रही है जबकि पुष्प प्रेमियों का कहना है कि फूलों से हमें ताजगी मिलती है वह हमें जीने की सीख देते हैं कि माहौल जैसा भी हो, इंसान को खुद को खुश रखने की जरूरत है और हर फूल का रंग जिंदगी के लिए एक प्रेरणा से भरा होता है.

फूल प्रदर्शनी के साथ पुराने साल की विदाई
आज के दौर में पेड़ों की कटाई से हरियाली खत्म होती जा रही है. ऐसे में हमें घरों में बागवानी करनी चाहिए, जिससे हरियाली भी बनी रहे और घर का माहौल भी खुशनुमा हो सके. बहरहाल जमशेदपुर में साल के अंतिम दिनों में फूलों के बीच पुराने साल की विदाई और नए साल का आगाज एक खुशनुमा माहौल साबित हो हो सकता है.
पारंपरिक खेती के साथ-साथ किसान कर रहे हैं फूलों की खेती, कम लागत में मिल रहा अच्छा मुनाफा
खूंटी के किसानों का चेहरा हुआ गेंदा फुल, लाखों की कमाई ने बढ़ाई मुस्कान

