छत्तीसगढ़ के मैत्री बाग में फ्लवार शो, रंग बिरंगे फूलों ने घोली खुशबू, आकर्षक मॉडलों ने सैलानियों का दिल जीता
छत्तीसगढ़ की स्टील सिटी दुर्ग भिलाई का मैत्री बाग फूलों से गुलजार हो गया.यहां के फ्लावर शो ने लोगों का दिल जीत लिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 8, 2026 at 8:49 PM IST
दुर्ग भिलाई: छत्तीसगढ़ की इंडस्ट्रियल सिटी दुर्ग भिलाई में रविवार का दिन फ्लावर शो के नाम रहा. भिलाई के रिसाली में स्थित मैत्री बाग जू में फ्लावर शो 2026 का आयोजन किया गया. इस विशेष आयोजन ने प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को खासा आकर्षित किया. इस फ्लावर शो में बीएसपी और नॉन-बीएसपी के रेसिडेंशियल हाउस गार्डन ने हिस्सा लिया. जिसमें सेक्टर 1 से सेक्टर 10 तक के प्रतिभागी शामिल रहे. इसके अलावा हॉस्पिटल सेक्टर, मरोदा सेक्टर, रिसाली और रूआबांधा क्षेत्र के प्रतिभागियों ने भी इसमें भाग लिया.
फ्लावर शो में कई किस्मों के फूलों का प्रदर्शन
इस फ्लावर शो में कई किस्मों के फूलों को प्रदर्शित किया गया. फूलों की विभिन्न श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर को रंगों और खुशबुओं से सराबोर कर दिया. फ्लावर शो को देखने हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे. सिर्फ भिलाई ही नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों से भी पर्यटक इस खूबसूरत नजारे को देखने आए थे. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने यहां की सजावट और अनोखी प्रदर्शनी का भरपूर आनंद लिया.

पिछले 25 से 30 वर्षों से इस फ्लावर शो का आयोजन किया जा रहा है. इस साल पर्यटकों में विशेष उत्साह नजर आया. 25 फीट के शेर और 30 फीट के बारासिंघा के मॉडल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने. इसके साथ ही कई कलात्मक रचनाओं ने लोगों का दिल जीत लिया- एन के जैन,प्रभारी मैत्री बाग


हम बीते 13 वर्षों से लगातार मैत्री बाग आ रहे हैं. फ्लावर शो में यहां अलग-अलग रंगों के फूल,कई प्रकार की सब्जियां और शानदार सजावट मन को मोह लेती है- महिला पर्यटक


आयोजन के तहत हाई स्कूल और मिडिल स्कूल के स्कूल गार्डन, पॉटेड प्लांट, कट फ्लावर, फ्लोरल डेकोरेशन, फल और सब्जियों से बने मॉडल ने दर्शकों का दिल जीता. इसेक अलावा रंगोली, माला निर्माण, बुके और सलाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. किंग ऑफ द शो और क्वीन ऑफ द शो जैसे आकर्षक पुरस्कार भी प्रतिभागियों को प्रदान किए गए, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया. इस अवसर पर पर्यटकों का कहना था कि भिलाई की पहचान बन चुका यह फ्लावर शो हर बार नई ऊर्जा और खुशी देता है.


