ETV Bharat / state

धनबाद में दिनदहाड़े आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या, क्लेक्शन कर लौट रहा था घर

धनबाद के खेरकाबाद में एक आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में जुटी है.

flour mill worker shot dead
जांच करते पुलिस अधिकारी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 21, 2026 at 7:28 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है. गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद में रविवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक आटा मिल कर्मी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. कर्मी ग्राहकों से पैसे का कलेक्शन कर वापस लौट रहा था. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस लूट और पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

वारदात खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के पास हुई. मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है. उमेश गोधर स्थित एक आटा मिल में पिछले कई वर्षों से काम कर रहे थे और ग्राहकों से पैसे का कलेक्शन करने की जिम्मेदारी संभालते थे. रविवार सुबह भी वह कलेक्शन के लिए निकले थे. दोपहर में मिल लौटने के दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही उमेश सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

एसपी और परिजनों के बयान (Etv Bharat)

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.

घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के भाई ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है. वहीं आटा मिल संचालक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव पिछले सात-आठ वर्षों से उनके यहां कार्यरत थे और रविवार को भी पैसे के कलेक्शन के लिए निकले थे. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उनके पास कितनी नकदी थी और क्या कोई रकम गायब हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे लूट, आपसी रंजिश और अन्य सभी संभावित कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें:

जमीन विवाद में कारोबारी को मारी गोली, भतीजे पर लगा आरोप

गोड्डा में अपराधियों ने मुखिया पर चलाई गोली, आक्रोशित लोगों ने बंद कराया बाजार

मोबाइल नहीं देने पर युवक को मारी गोली, चेन और नकदी लूटकर फरार हुए बदमाश