यूपी में बाढ़ बारिश; सोन नदी के उफान से खतरे का अलर्ट, कानपुर में "यमलोक द्वार" बनी 80 फिट सड़क
सोनभद्र में कनहर डैम के 10 फाटक खोले गए. रिहंद डैम के फाटक भी खोले जा सकते हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 1:40 PM IST
सोनभद्र/कानपुर : मानसूनी बारिश के चलते नदियों में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है. इसके यूपी के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं. सोनभद्र में लगातार बारिश के चलते सोन नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. बढ़ते जलस्तर के चलते कनहर डैम के 10 फाटक खोल दिए गए हैं. रिहंद डैम के फाटक भी खोले जा सकते हैं. फाटक खुलने के बाद ओबरा डैम के फाटक खोलने की स्थिति भी बन सकती है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है.
सोनभद्र प्रशासन के अनुसार नदी में जलस्तर वृद्धि को देखते हुए सोन नदी के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो सकते हैं. प्रशासन ने नदी किनारे व निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने की अपील की है. डीएम चर्चित गौड़ के निर्देश पर ओबरा एसडीएम रवि कुमार, थाना प्रभारी सदानंद राय गांवों में जाकर लोगो को जागरूक कर रहे हैं.

प्रशासन के अनुसार रिहन्द डैम के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डैम के फाटक खोलने की नौबत आ सकती है. रिहंद डैम के फाटक खोले जाने की स्थिति में करीब आधे घंटे बाद ओबरा डैम के फाटक खोलने की स्थिति भी बन सकती है. ऐसे में रेनू नदी, सोन नदी और बिजुल का जलस्तर बढ़ने से कई गांव जलमग्न हो जाएंगे.

डीएम चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को मौके पर डटे रहने और लोगों को संभावित स्थिति से अवगत कराते रहने के निर्देश दिए हैं. डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि संभावित खतरे से निपटने के लिए चेतावनी जारी की गई है और जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है. इस कड़ी एसडीएम ओबरा रवि कुमार ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों को संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया.
कानपुर में गड्ढों से परेशान युवाओं ने किया अनोखा प्रदर्शन
कानपुर साउथ के बर्रा की 80 फीट रोड की बदहाल हालत को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा अब सड़क पर दिखाई देने लगा है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में भरा बारिश का पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. इसी समस्या के चलते युवाओं ने अनोखे अंदाज में नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान "यमराज" का रूप धारण किए एक व्यक्ति को बुलाया गया. सड़क किनारे लगाए गए बैनर पर लिखा था "यमराज का द्वार-ग्रैंड ओपनिंग". इसके बाद यमराज बने व्यक्ति ने फीता काटकर "यमलोक द्वार" का उद्घाटन किया. प्रदर्शन में वार्ड-67 के बर्रा-6 के रहने वाले स्थानीय लोग शामिल हुए.
स्थानीय लोगों ने बताया कि 80 फीट रोड पर सैकड़ों गड्ढे हो चुके हैं. इनमें बारिश का पानी भरा हुआ है. इसके चलते दोपहिया वाहन सवार और पैदल राहगीर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. ई-रिक्शा पलटने से कई लोग घायल हो चुके हैं.
"यमराज" का रूप धारण करने वाले प्रदर्शनकारी ने नगर निगम की अनदेखी पर सवाल उठाए. कहा कि 80 फीट रोड अब ‘गड्ढामुक्त सड़क’ के बजाय ‘गड्ढायुक्त सड़क’ बन चुकी है. कई बार सड़क मरम्मत के बाबत शिकायत की जा चुकी है. बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया.
यह भी पढ़ें : सोनभद्र: खतरे के करीब पहुंचा सोन नदी का जलस्तर, लोगों में भय का माहौल

