इस कुएं में से एक साथ निकले 5 अजगर..जानिए फिर क्या हुआ
चित्तौड़गढ़ में एक कुएं से 5 अजगर को देखा गया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. सभी का रेस्क्यू किया गया है.

Published : November 17, 2025 at 11:55 AM IST
|Updated : November 17, 2025 at 12:01 PM IST
चित्तौड़गढ़ : शहर के निकट ओछड़ी गांव में कुएं से एक साथ पांच अजगर को रेस्क्यू कर बचाया गया है. इनमें से एक अजगर तो करीब 15 फीट लंबा है. चार अन्य अजगर भी वयस्क होकर 9 फीट तक लंबे थे. यह रेस्क्यू अभियान ग्रामीणों में भी आश्चर्य का विषय बन गया.
वन्य जीव प्रेमी मनीष तिवारी ने बताया कि रविवार शाम को सूचना मिली कि ओछड़ी गांव में ग्रामीणों ने एक फार्म हाउस पर स्थित कुएं में एक साथ में कई अजगर देखे हैं. इतने अजगर दिखने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ था. सूचना के बाद मौके पर रेस्क्यू की टीम रामकुमार साहू, पीयूष कामले, मुबारक खान और चिराग को रवाना किया गया. गांव में पहले से ही छात्र संघ अध्यक्ष भरत मेनारिया एवं स्थानीय ग्रामीणों की टीम मौजूद थी. यह सभी रेस्क्यू टीम को फार्म हाउस पर ले गए. यहां कुएं में झांक कर देखा तो एक साथ पांच अजगर मौजूद थे.
पढ़ें. गर्ल्स कॉलेज में अजगर से मचा हड़कंप तो सड़क पर टहलता नजर आया क्रोकोडाइल
टीम ने घंटों की मेहनत के बाद एक के बाद एक कर सभी अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला. इस रेस्क्यू अभियान में स्थानिक ग्रामीणों की टीम ने भी सहयोग किया. रेस्क्यू होने के बाद ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली और टीम की सराहना की. बाद में सभी अजगर को निकट स्थित जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया. टीम के सदस्य मुबारक ने रस्सी के सहारे कुएं में लटक कर अजगर को बाहर निकाला.
वन्य जीव प्रेमी मनीष तिवारी ने बताया कि अमूमन एक अजगर का ही रेस्क्यू होता आया है. कभी कभार एक साथ दो अजगर भी साथ मिल जाते हैं, लेकिन यहां एक साथ 5 वयस्क अजगर का रेस्क्यू किया गया. इस अभियान की ग्रामीणों ने भी काफी प्रशंसा की है. कुएं में रस्सी के सहारे लटक कर एक के बाद एक कर अजगर को बाहर निकालने के बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया है.कुएं से रेस्क्यू किए सभी अजगर वयस्क हैं. इनमें एक मादा अजगर सबसे बड़ा होकर 15 फीट लंबा है. तीन अजगर की लंबाई करीब 8 से 9 फीट है. एक नर अजगर और है, जिसकी लंबाई 5 फीट है.
पढ़ें. बाड़मेर में दिखा दुर्लभ 'साइलेंट किलर' सांप, स्नेक कैचर ने रेस्क्यू कर सुरक्षित छोड़ा
सितम्बर के बाद शुरू होता है मेटिंग पीरियड : वन्य जीव प्रेमी मनीष तिवारी ने बताया कि अजगर सहित सांप प्रजाति के जीवों में सितम्बर के बाद मेटिंग पीरियड शुरू होता है. ऐसे में नर अजगर मादा की तलाश में निकलते हैं. मादा भी मेटिंग के लिए तैयार होती है तो एक खुशबू छोड़ती है. कई बार ऐसा होता है कि एक ही मादा के लिए कई नर पहुंच जाते हैं. अधिक संख्या में नर के पहुंचने पर इनमें आपस में एक दूसरे को नुकसान पहुंचाए बिना टैपिंग (सांकेतिक लड़ाई) होती है. इसमें जो थक जाता है वह दूर होता जाता है.


