ETV Bharat / state

रुद्रपुर: गैस सिलेंडर ब्लास्ट से घर में लगी आग, 3 वर्षीय बच्ची समेत पांच लोग झुलसे

उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से घर में आग गई. इस हादसे में पांच लोग झुलस गए.

Etv Bharat
रुद्रपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : April 15, 2026 at 2:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. रुद्रपुर में गैस रिसाव के कारण एक घर में अचानक आग लग गई. इस हादसे में पांच लोग झुलस गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह है कि सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के चामुंडा मंदिर वार्ड नंबर 8 में एक बड़ा हादसा हो गया. सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट या गैस रिसाव के कारण आग लग गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई.

अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घर में गैस रिसाव होने के कारण आग लगी थी, जिससे घर में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए.

रुद्रपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट (ETV Bharat)

इस हादसे में कुल पांच लोग झुलस गए. घायलों में देवकी (उम्र लगभग 50 वर्ष), अनीता (30 वर्ष), संगीता देवी (21 वर्ष), पारुल (3 वर्ष) समेत एक अन्य महिला शामिल है. सभी को आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया गया.

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का तत्काल इलाज शुरू किया. डॉक्टरों के अनुसार घायलों में किसी की हालत गंभीर नहीं है और सभी खतरे से बाहर है. हालांकि, कुछ लोगों को 15 से 40 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी सामने आई है, जिनका इलाज जारी है.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए. पुलिस ने मौके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी है. अग्निशमन अधिकारी महेश चंद ने बताया कि इस घटना के पीछे मुख्य कारण गैस रिसाव प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत जांच की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों में गैस सिलेंडर और चूल्हे का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें.

उन्होंने यह भी कहा कि यदि गैस रिसाव की आशंका हो तो तुरंत रेगुलेटर बंद करें, बिजली के स्विच का इस्तेमाल न करें और दरवाजे-खिड़कियां खोल दें ताकि गैस बाहर निकल सके. फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की भी बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

पढ़ें---