अलीगढ़ में 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का खुलासा; शादी का झांसा देकर करते थे लूट और चोरी, तीन महिला समेत पांच गिरफ्तार
क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना खैर पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 10:44 PM IST
अलीगढ़ : जनपद के थाना खैर पुलिस ने शादी का झांसा देकर लूटपाट करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है. पुलिस ने तीन महिला समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपी शादी का झांसा देकर घर में घुसते थे फिर विषैला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे.
क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना खैर पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है. जिसमें शादी का झांसा देकर के घरों में लूट अथवा चोरी करने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि इन पांच अभियुक्तों में से तीन महिला झारखंड के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं और दो आरोपी पुरुष कीलपुर गांव के रहने वाले हैं.
उन्होंने बताया कि मामला 17 दिसंबर 2025 का है. आरोपी शेर सिंह ने पीड़ित के भाई की शादी प्रियंका नाम की युवती से कराई थी. शादी के बाद कुछ दिन तक सब कुछ सामान्य चलता रहा, जिससे परिवार को किसी तरह का शक नहीं हुआ. इसके बाद 1 जनवरी 2026 को आरोपी प्रियंका ने अपनी दो सहेलियों मंजू और अंजली को घर बुलाया. पुलिस के मुताबिक, तीनों महिलाओं ने लूट और चोरी के इरादे से पीड़ित और उसके भाई को खाने में नविषैला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया. खाना खाने के बाद दोनों भाई बेहोश हो गए. इसी दौरान घर में चोरी का प्रयास किया गया. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने झारखंड की रहने वाली प्रियंका कुमारी, मंजू, अंजली कुमारी के साथ-साथ अलीगढ़ के कीलपुर निवासी शेर सिंह और रविंद्र को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सभी को थाना क्षेत्र खैर के गोण्डा इलाके से गिरफ्तार किया. आरोपी महिला के पास से एक फर्जी आधार कार्ड, जबकि आरोपी बबलू के पास से 900 रुपये और पिंटू के पास से 1100 रुपये नकद बरामद हुए हैं.

