ETV Bharat / state

पिथौरागढ़ में बर्फबारी से निखरी हिमालय की खूबसूरती, हिमपात से बढ़ी ठिठुरन

पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी और धारचूला में हुई साल की पहली बर्फबारी, काली नजर आ रही चोटियां बर्फबारी के बाद फिर से चमकने लगी

Snowfall in Munsiyari
पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 2, 2026 at 9:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पिथौरागढ़: सीमांत पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी हुई. लंबे समय के बाद नंदा देवी, पंचाचूली और छिपला केदार समेत आसपास की चोटियों पर हिमपात हुआ है. हिमपात से मुनस्यारी समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है.

आखिरकार लंबे इंतजार के बाद मौसम मेहरबान हो गया है. नए साल के आगमन पर बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों समेत मुनस्यारी के लोगों की मुराद पूरी हो गई. शुक्रवार यानी 2 जनवरी को सुबह मौसम सामान्य था. आसमान में हल्के बादल छाए थे. दोपहर बाद अचानक मौसम बदला. मौसम बदलने से मुनस्यारी और धारचूला के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फ पड़ गई.

पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्की बर्फबारी (ETV Bharat)

बर्फबारी न होने से काली नजर आ रही थी चोटियां: नंदा देवी, नंदाकोट, त्रिशूल पर्वत, हरदेवल, राजरम्भा और पंचाचूली समेत छिपला केदार की चोटियों पर बर्फबारी हुई है. पिछले साल यानी 2025 में आखिरी चार महीने में बर्फबारी न होने से हिमालय की चोटियां काली नजर आने लगी थी. इतना ही नही पंचाचूली और हंसलिंग की चोटियों से बर्फ पूरी तरह पिघल गई थी.

Snowfall in Munsiyari
पिथौरागढ़ में बर्फबारी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

बर्फबारी से खूबसूरत नजर आ रहे पहाड़: केवल पंचाचूली की मुख्य चोटी पर ही बर्फ रह गई थी. इसने पर्यावरणविदों को भी चिंता में डाल दिया था. नए साल का जश्न मनाने यहां आने वाले पर्यटकों को भी बर्फबारी की उम्मीद थी. ऐसे में दो जनवरी को हुई बर्फबारी के बाद लोग काफी खुश नजर आए. काली नजर आ रही चोटियां बर्फबारी के बाद फिर से चमकने लगी हैं.

Snowfall in Munsiyari
बर्फबारी के बाद खूबसूरत नजर आ रही चोटियां (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

"बर्फबारी के बाद प्राकृतिक सौंदर्य निखर आया है. इससे पर्यटकों के ज्यादा संख्या में पहुंचने की उम्मीद है. इस साल बारिश नहीं हुई है. इससे खेती सूख रही है. मुनस्यारी में जड़ी बूटी, आलू समेत अन्य फसलें होती हैं. बागवानी के लिए भी बारिश जरूरी है. अब लोग बारिश का भी इंतजार कर रहे हैं."- हीरा सिंह चिराल, सामाजिक कार्यकर्ता, मुनस्यारी

शुक्रवार को जहां मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ तो वहीं पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय समेत अन्य स्थानों पर आसमान पूरी तरह से साफ रहा और तेज धूप खिली रही. हालांकि, ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के कारण शाम के समय शीत हवाएं चलने से ज्यादा ठंड महसूस हुई.

"पश्चिमी विक्षोभ के कुछ सक्रिय होने से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है. आने वाले दिनों में बर्फबारी के आसार जिले में फिर दिखाई दे रहे हैं."- डॉ. चेतन भट्ट, मौसम वैज्ञानिक, केवीके पिथौरागढ़

ये भी पढ़ें-