ETV Bharat / state

रमजान माह के पहले जुमे की नमाज अदा, सजदे में झुके हजारों सिर

जुमे की नमाज के चलते मुस्लिम बहुल इलाकों में बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है.

month of Ramadan
जामा मस्जिद में नमाज अदा करते मुस्लिम समुदाय के लोग (ETV Bharat jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 4:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र महीनों में से एक माने जाने वाले रमजान माह के पहले जुमे की नमाज शुक्रवार को अदा की गई. राजधानी जयपुर की तमाम मस्जिदों और इबादतगाहों में नमाजियों ने जुमे की पहली नमाज अदा की और खुदा की बारगाह में सजदा करके जहां अपने गुनाहों की मगफिरत के लिए दुआ मांगी. देश और प्रदेश में भाईचारे और अमन-चैन के लिए भी दुआ की गई. राजधानी में जुमे की मुख्य नमाज जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद में हुई, जहां हजारों की तादाद में नमाजी नमाज अदा करने पहुंचे थे. जौहरी बाजार में सड़कों पर भी नमाजियों के लिए दरियां बिछाई गई थीं, जहां उन्होंने नमाज अदा की. जुमे की पहली नमाज को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए थे. जामा मस्जिद के आसपास पुलिस का पहरा रखा गया था. नमाज के चलते यातायात को भी डायवर्ट किया गया था.

जामा मस्जिद दोपहर एक बजे ही नमाजियों से भर गई थी. उसके बाद सड़क पर नमाजियों के लिए दरियां बिछाई गईं, जहां मुफ्ती अमजद अली ने पहले तकरीर की और रमजान माह के महत्व पर प्रकाश डाला. उसके बाद उन्होंने खुत्बा दिया और नमाज अदा कराई. इस्लामी विद्वानों के मुताबिक रमजान में जुमे का खास महत्व है. यही वजह है कि जुमे की नमाज पर आम दिनों के मुकाबले ज्यादा संख्या में लोग नमाज के लिए आते हैं. रमजान माह में चार जुमे होते हैं और आखिरी जुमे को अलविदा जुमा कहा जाता है.

जामा मस्जिद में नमाज अदा करते मुस्लिम समुदाय के लोग (ETV Bharat jaipur)

पढ़ें: किन हालात में रमजान के दौरान रोजा नहीं रखना चाहिए? इस्लामी कानून क्या कहता है? एक्सपर्ट से जानिए

शाम को होगा रोजा इफ्तार: रमजान माह के दूसरे रोजे का इफ्तार शाम 6:30 बजे होगा. जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में नमाजी इफ्तार के लिए फल और अन्य सामग्री खरीदते हुए नजर आए. जुमे की नमाज के चलते मुस्लिम बहुल इलाकों में बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है. साथ ही खाद्य सामग्री और नए कपड़ों की खरीदारी भी शुरू हो गई है.