फिरोजाबाद के किसानों के लिए सूचना; किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए एक सप्ताह में करें यह काम
पीएम किसान पोर्टल पर डाटा अपडेट कराने के बाद किसानों को बायोमीट्रिक ई-केवाईसी या फेसियल ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 11:08 AM IST
फिरोजाबाद : जिन किसानों की कृषि भूमि का स्वामित्व 1 फरवरी 2019 से पहले का है, लेकिन अब तक उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए आवश्यक सूचना जारी की गई है. पीएम किसान पोर्टल पर डाटा अपडेट कराने के बाद ही किसानों को बायोमीट्रिक ई-केवाईसी या फेसियल ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है. ई-केवाईसी के बाद ही किसानों को किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का लाभ मिलेगा.
उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में पीएम किसान पोर्टल पर किसानों के लिए सीधे आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है. ऐसे भूमि धारक किसान पहले अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं. इसके बाद अपने आवश्यक अभिलेख आधार कार्ड, पति-पत्नी का आधार कार्ड, तहसील से सत्यापित खतौनी को कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी अथवा उप कृषि निदेशक कार्यालय में स्थापित पीएम किसान हेल्प डेस्क पर एक सप्ताह के भीतर जमा कराएं.
उप कृषि निदेशक के मुताबिक उत्तराधिकार में प्राप्त कृषि भूमि धारक, भूमि क्रेता, गिफ्ट या ग्रांट के माध्यम से मिली जमीन अथवा वर्तमान और पूर्व भू-स्वामी के डाटा में अंतर होने के कारण लाभ रुका हुआ है तो स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ‘अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन’ विकल्प के तहत अपने अभिलेख अपडेट करा सकते हैं. इसके लिए कृषक का आधार कार्ड, खसरा-खतौनी की नकल, आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर, मृतक कृषक का मृत्यु प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), मृतक का आधार कार्ड को अपलोड करना अनिवार्य होगा.
उप निदेशक कृषि ने स्पष्ट किया है कि पीएम किसान पोर्टल पर डाटा अपडेट कराने के बाद किसानों को बायोमीट्रिक ई-केवाईसी या फेसियल ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है. ई-केवाईसी होने के बाद ही किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का लाभ मिलेगा.

