फिरोजाबाद में रफ्तार का कहर; दो बाइकें टकराने से चाचा-भतीजी की मौत, 3 लोग घायल
जसराना थाना क्षेत्र में पलिया कला मोड़ पर हुई दुर्घटना. दुर्घटना में घायल तीनों लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 29, 2026 at 10:42 AM IST
फिरोजाबाद : जसराना थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पलिया कला मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में चाचा और भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में एक बच्ची समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया. हालांकि पुलिस टीम ने समझा कर शांत करा दिया.
इंस्पेक्टर जसराना राजेश पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार रात पलिया कला मोड़ पर दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. दुर्घटना दो बाइकों की भिड़ंत की वजह से हुई थी. जिसमें चाचा और भतीजी की मौत हो चुकी थी. इसके अलावा हादसे में तीन लोग घायल हुए थे. जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. मृतक की पहचान अंकित यादव और उनकी 7 वर्षीय भतीजी अंशिका निवासी गांव बहत के रूप में हुई है. अंकित के परिजनों के मुताबिक अंकित अपनी दो भतीजियों अंशिका (7) और कोच्ची (5) के साथ गुरुवार रात किसी दावत में शामिल होने के लिए जा रहे थे. दूसरी बाइक पर मैनपुरी जनपद निवासी लवकुश और प्रेम सिंह सवार थे. दुर्घटना में घायल कोच्ची, लवकुश और प्रेम सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है.
इंस्पेक्टर जसराना राजेश पाण्डेय के अनुसार दुर्घटना की जानकारी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे थे. आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में इलाज आदि की समस्या को लेकर हंगामा भी किया. हालांकि लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया है. शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

