फिरोजाबाद की साइबर क्राइम टीम ने लॉटरी का झांसा देकर ठगी करने वाला शातिर दबोचा, जालसाजी के हथकंडे कर देंगे हैरान
आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों से NCRP पोर्टल पर 8 शिकायतें दर्ज हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 1, 2026 at 7:31 AM IST
|Updated : June 1, 2026 at 8:37 AM IST
फिरोजाबाद : साइबर क्राइम पुलिस ने लाॅटरी के बहाने लोगों से ठगी करने वाले शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी अनजाने वाट्सएप ग्रुपों से लोगों को जुड़कर उनके अन्य सदस्यों को वाट्सएप कॉलिंग के जरिये लॉटरी जीतने का झांसा देकर उनसे ठगी करता था. आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों से NCRP पोर्टल पर 8 शिकायतें दर्ज हैं. जिसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी थी. आरोपी के पास से लैपटॉप, कई बैंकों की पासबुक, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं.
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम आशु पाठक है जो कि फिरोजाबाद जनपद की उत्तर कोतवाली क्षेत्र के जैन नगर का रहने वाला है. आशु के खिलाफ NCRP पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से दर्ज हुई शिकायतों के बाद जनपद की साइबर और कोतवाली उत्तर पुलिस ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार किया है.
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया आशु शातिर साइबर अपराधी है. आरोपी अनजाने वाट्सएप ग्रुप्स में अपना नंबर जुड़वाने के बाद उस ग्रुप के अन्य लोगों को अपने जाल में फंसाता था. उन्हें लॉटरी या फिर अन्य लुभावनी स्कीम का झांसा देकर उनसे पैसे अपने, अपने भाई, दोस्त के खाते में क्यूआर कोड के जरिये डलवाने के बाद उसके नंबर को ब्लॉक कर देता था. आरोपी को सुसंगत धाराओं में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.

