ETV Bharat / state

फिरोजाबाद में पर्यटन विकास की 24 परियोजनाओं के लिए 33.91 करोड़ मंजूर, इन धार्मिक क्षेत्रों को किया जाएगा विकसित

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्राचीन धार्मिक स्थलों के कायाकल्प से यूपी में पर्यटन बढ़ने का दावा किया है.

फिरोजाबाद में पर्यटन विकास.
फिरोजाबाद में पर्यटन विकास. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 6, 2026 at 9:57 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश सरकार ने फिरोजाबाद में पर्यटन को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पर्यटन विभाग द्वारा जिले में 24 महत्वपूर्ण पर्यटन विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है. जिन पर करीब 33.91 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. सूचना विभाग जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी दी है.


परियोजनाओं के तहत टुण्डला, शिकोहाबाद और सिरसागंज क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों और आश्रमों का व्यापक विकास किया जाएगा. इसमें गोगा जी काली मंदिर पिपरौली (70 लाख), पसीने वाले हनुमान मंदिर (65 लाख), नगला केवल स्थित ब्रह्मदेव शिव एवं बजरंगबली मंदिर (120 लाख), आबगंगा मंदिर (35 लाख) और ग्रामगढ़ी हंसराम स्थित शिव मंदिर (60 लाख) शामिल हैं. इसके अलावा टुण्डला क्षेत्र में राधाकृष्ण मंदिर (1 करोड़), सिद्धकाली माता मंदिर (130 लाख) और अन्य शिव मंदिरों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. इन कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को सौंपी गई है.

सिरसागंज क्षेत्र में बड़े स्तर पर विकास : सिरसागंज क्षेत्र में पथवारी माता मंदिर (110 लाख), कुदरिया वाले महाराज आश्रम (1 करोड़), हनुमान मंदिर (130 लाख), जायनई माता मंदिर (130 लाख) और रामकृष्ण धाम मंदिर (70 लाख) जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा. साथ ही अम्बेडकर पार्क (70 लाख), रामकंठ आश्रम (1 करोड़), ऐतिहासिक राधाकृष्ण मंदिर (90 लाख), वेद उपवन पार्क (75 लाख) और अकबरपुर स्थित नीमकरौरी बाबा की जन्मस्थली (145 लाख) को भी पर्यटन सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा.



ग्रामीण और ईको-टूरिज्म पर भी फोकस : सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करहरा (20 लाख) और अकबरपुर (35 लाख) में विशेष परियोजनाएं शुरू करेगी. जसराना के बड़े जखैया महाराज मंदिर (188 लाख) और समौर बाबा धाम करहरा के लिए 1188 लाख रुपये की बड़ी धनराशि स्वीकृत की गई है. इसके अलावा रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र में पर्यटकों के लिए प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और अन्य सुविधाओं के विकास हेतु 162 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.



मंत्री जयवीर सिंह का कहना है कि प्रदेश के प्राचीन धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है. इन परियोजनाओं से न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि से स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. इन प्रयासों से फिरोजाबाद को प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा.

यह भी पढ़ें : प्राण प्रतिष्ठा-शंकराचार्य विवाद: मंत्री जयवीर सिंह ने कहा- सभी आमंत्रित लोग आयेंगे, विपक्ष कर रहा कन्फ्यूज

यह भी पढ़ें : पर्यटन मंत्री ने असहायों से मिलकर जाना हाल, सीएमओ को दिए निर्देश