शिमला में दिन दहाड़े फायरिंग, पैसों के लेन-देन को लेकर हुई थी कहासुनी
पैसों के लेन-देन को लेकर दो लोगों के बीच में कहासुनी हुई. बात इतनी बड़ी की एक व्यक्ति ने दूसरे पर फायर कर दिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 1:32 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 2:12 PM IST
रामपुर बुशहर: शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल की ग्राम पंचायत धार गौरा क्षेत्र के डोईगाड में रविवार को दिन दहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई. इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार गोली चलाने वाला आरोपी सुरेश शर्मा फुन्जा का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि पीड़ित की पहचान राजेश डोगरा निवासी कोटी के रूप में हुई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना से पहले सुबह के समय दोनों के बीच पैसों के लेन देन को लेकर कहासुनी हुई थी. पीड़ित राजेश डोगरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को वो अपने साथियों अनिल कुमार, सुमित और पियूष के साथ ऑल्टो कार में अपने घर लौट रहा था. इस दौरान रास्ते में आरोपी सुरेश शर्मा से उधार दिए गए रुपयों की मांग की थी. डोई गॉड (नाला) पर दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई. इसी दौरान आरोपी सुरेश शर्मा ने अपनी गाड़ी में रखी एक पिस्तौल से गोली चला दी. उस समय शिकायतकर्ता अपनी गाड़ी में बैठा था. गोली चालक सीट के पीछे वाली खिड़की के शीशे से टकराई, जिससे शीशा टूट गया और उसका एक कण शिकायतकर्ता को लगा. इससे उसके सिर पर चोटें आई हैं.

पुलिस ने बताया कि SFSL जुन्गा से विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है. आरोपी से हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है और बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं. मामले में जांच जारी है. पुलिस थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 15/2026 धारा 109, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 25 शस्त्र अधिनियम, 1959 के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया.'
कड़ी कार्रवाई की मांग
वहीं ग्राम पंचायत धार गौरा के पूर्व प्रधान अजय राणा ने बताया कि यह हमारे क्षेत्र के लिए एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. ये घटना डोभी बाजार से कुछ ही दूरी पर पेश आई है, जैसे ही इसकी जानकारी क्षेत्र के लोगों को प्राप्त हुई है इससे पूरा क्षेत्र डर के साए में है. आरोपी के ऊपर पुलिस से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें: शिमला पुलिस ने कबूतरबाज महिला को किया गिरफ्तार, चंडीगढ़ में छिपकर बैठी थी

