ETV Bharat / state

बाड़ी में बसपा दफ्तर के बाहर फायरिंग से हड़कंप, पुलिस ने एक आरोपी को अवैध कट्टे के साथ दबोचा

आशंका जताई गई कि फायरिंग नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से की गई है.

Firing In Dholpur
पुलिस थाना बाड़ी (ETV Bharat Dholpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 24, 2026 at 8:15 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धौलपुर: बाड़ी शहर के अजीजपुरा मोहल्ले में बहुजन समाज पार्टी कार्यालय के बाहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. घटना का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध हथियार बरामद किया है.

कोतवाली थानाधिकारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि ASP श्रवण कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए हंसा उर्फ हंसराम गुर्जर पुत्र अमर सिंह निवासी गुर्जर कॉलोनी को गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से 315 बोर का कट्टा बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज किया है.पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है.

बसपा दफ्तर के बाहर फायरिंग (ETV Bharat Dholpur)

पढ़ें: पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर फाय​रिंग, पैरों में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

चुनाव में टिकट वितरण को प्रभावित करने की आशंका: बसपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका चुनाव प्रभारी आरिफ खान ने आशंका जताई है कि फायरिंग नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से की गई हो सकती है. उन्होंने बताया कि घटना के समय बसपा जिलाध्यक्ष प्रवीण भास्कर और प्रदेश सदस्य नारायण सिंह मस्ताना भी कार्यालय में मौजूद थे.आरिफ खान ने तत्काल कोतवाली थानाधिकारी महेंद्र शर्मा को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की. फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारणों, अन्य आरोपियों और हथियार के संबंध में जांच कर रही है.