ETV Bharat / state

अलीगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या; फायरिंग में दूसरा साथी घायल, बाइक सवार आरोपी फरार

पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है.

अस्पताल में पूछताछ करती पुलिस
अस्पताल में पूछताछ करती पुलिस (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 28, 2026 at 5:50 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़ : जिले के गांधी पार्क थाना क्षेत्र में शनिवार को दो युवकों पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद घायल युवकों को मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. घायल युवक का इलाज चल रहा है. वहीं, पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

घायल युवक पृथ्वी ने अस्पताल में पुलिस को बताया कि हमलावरों में धीरज नाम का युवक शामिल था. घायल युवक का आरोप है कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी.

पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने दी जानकारी. (Video credit: ETV Bharat)



पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक कॉलेज के सामने धीरज ठाकुर ने अपने साथी गोलू के साथ मिलकर अपने पूर्व परिचित पृथ्वीराज चौहान और अंशु तोमर को गोली मारी है. दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंशु तोमर को मृत घोषित कर दिया.

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे और इनके बीच विवाद चल रहा था. धीरज ठाकुर द्वारा पहले भी थाना गांधी पार्क में एक मामला दर्ज कराया गया था, जिसमें पुलिस कार्रवाई कर चुकी थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात पुरानी दुश्मनी के चलते अंजाम दी गई. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस तैनात कर दी गई है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.