नालंदा में परीक्षा के बाद तीन छात्रों पर अंधाधुंध फायरिंग, दो को लगी गोली, एक को किया अधमरा
बिहार के नालंदा में एग्जाम देकर लौट रहे तीन छात्रों को अपराधियों ने गोली मार दी. एक की हालत नाजुक है.

Published : December 20, 2025 at 1:15 PM IST
नालंदा: बिहार के नालंदा में अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश है. हिलसा थाना क्षेत्र के बिहारी रोड स्थित बुढ़वा महादेव स्थान के पास बदमाशों ने परीक्षा देकर लौट रहे तीन छात्रों पर अचानक पीछे से हमला कर दिया. इस हमले में बदमाशों ने पहले दो छात्रों को पैर में गोली मारी और फिर तीसरे को खींचकर हॉकी व डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया.
नालंदा में दो छात्रों को मारी गई गोली: गोली की आवाज सुनते ही आसपास इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही हिलसा थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया.
एक को पीट-पीटकर किया अधमरा: घायलों में सए एक युवक की हालात नाज़ुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. घटना में जख्मी चंडी थाना क्षेत्र की है.
परीक्षा देकर लौट रहे थे छात्र: घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों हिलसा के सरदार पटेल कॉलेज से बीए पार्ट वन की परीक्षा देकर घर के लिए लौट रहे थे. इसी दौरान पांच-छह बदमाशों के बीच दोनों गुटों में तीखी नोक झोंक और गाली-गलौज होने लगी. उसी दौरान अचानक बदमाशों ने उपेंद्र व धनंजय के पैर में गोली मार दी, जबकि रौशन को कुछ दूर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया.
पुराने विवाद पर हमले की जानकारी: फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के पीछे का कारण क्या है. चर्चा है कि दो दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. शहर में दिनदहाड़े हुई इस घटना से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों ने पुलिस पर सुस्ती बरतने का आरोप लगाया है.
"दो छात्रों के पैर में गोली लगी है. लिखित आवेदन मिलने पर एफआईआर की जाएगी. बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है."- अभिजीत कुमार,हिलसा थानाध्यक्ष
ये भी पढ़ें
बिहार का इनामी कुख्यात हैदराबाद से दबोचा गया, कोर्ट में अभियुक्त और पुलिस पर की थी फायरिंग
पकड़ा गया BJP नेता का बड़ा झूठ, अब अस्पताल से सीधे जाना पड़ेगा जेल, जानें पूरा मामला

