ETV Bharat / state

बिहार में पुलिस पर बरसायी गई गोलियां, खून खराबे से शराब पार्टी का अंत

कैमूर में जेल से छूटे युवक की शराब पार्टी पर पुलिस पहुंची तो आक्रोशितों ने फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की.

villagers attack police in Kaimur
कैमूर में बरपा हंगामा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 26, 2026 at 6:02 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कैमूर: बिहार के कैमूर में चल रही शराब पार्टी का अंत गोलीबारी और खून खराबा से हुआ. पार्टी इसलिए दी गई थी क्योंकि करीब 15 दिन पहले गिरफ्तार व्यक्ति जेल से छूटकर बेल पर बाहर आया था और इस खुशी में नर्तकियों का डांस और शराब पार्टी चल रही थी. पार्टी को रुकवाने जब पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने हमला कर दिया. पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की.

आक्रोशितों ने किया सड़क जाम: घटना के विरोध में कुदरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 कझार घाट टोला के पास गुरुवार की सुबह 6:00 बजे से सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष और बच्चों ने बांस बल्ली लगाकर कुदरा भभुआ मुख्य पथ को जाम कर दिया. पिछले 6 घंटे से अधिक समय से सड़क जाम है. इस जाम के दौरान कई मालवाहक और यात्री वाहन फंसे रहे.

कैमूर में पुलिस और ग्रामीणों की भिड़ंत (ETV Bharat)

पुलिस पर बुजुर्ग महिलाओं और बच्चों को पीटने का आरोप: ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने घरों में घुसकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ लाठी डंडे से जमकर मारपीट की है. इस दौरान कई घरों के दरवाजे और गाड़ियां भी तोड़ दिए गए. ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि घरों में घुसकर बुजुर्ग महिलाओं और बच्चियों को भी पीटा गया है.

"मुझे भी पुलिस ने पीटा है. पुलिस मारी है. बेटे को पुलिस मार रही थी तो मैंने कहा मत मारिए कहा तो मुझे भी डंडे से मारा गया. हमलोगों ने सुबह 6 बजे से सड़क जाम करके रखा है."- तपेश्वरी कुंवर, बुजुर्ग महिला

villagers attack police in Kaimur
आक्रोशितों ने किया सड़क जाम (ETV Bharat)

"12 बजे रात को पुलिस आई थी. डांस और पार्टी चल रही थी. पहले फायरिंग हुई थी फिर पुलिस मेरे घर में घुस गई. मैंने कहा कि सर मेरे घर में कोई नही है. मेरे दिव्यांग माता-पिता शादी में गए थे और मैं घर पर अकेली थी. उसके बाद भी मेरे साथ मारपीट की गई. गोली चली है, मेरे घर पर तीन फायर किया गया है."- एकता कुमारी, ग्रामीण

SDM ने की जाम हटाने की अपील: गुरुवार की दोपहर करीब मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और डीएसपी प्रदीप कुमार दल बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों से जाम छोड़ने के लिए कहा. ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे. एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि लोगों ने सड़क जाम किया है. उनसे निवेदन किया गया है कि सड़क जाम कोई विकल्प नहीं है. उनके समस्याओं को सुनने हम यहां आए हैं, विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

villagers attack police in Kaimur
लोगों को समझाते अधिकारी (ETV Bharat)

"लोगों से जाम हटाने का निवेदन किया गया है. ग्रामीण अपनी शिकायत लिखित दें, उसपर आगे कार्रवाई की जाएगी. लोग समझदार हैं, मुझे उम्मीद है कि लोग जाम हटा देंगे."- रत्ना प्रियदर्शनी, एसडीएम मोहनिया

थानाध्यक्ष पर पथराव और फायरिंग: मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने कहा कि बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि कुदरा पुलिस को सूचना मिली कि 15 दिन पहले गिरफ्तार व्यक्ति जेल से छूटकर बेल पर बाहर आया है और इस खुशी में नर्तकियों का डांस और शराब पार्टी चल रही है सूचना के सत्यापन पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे, जहां थानाध्यक्ष पर पथराव और फायरिंग की गई. पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की है. एक व्यक्ति को गोली लगी है, जिसका अस्पताल में इलाद जारी है. वहीं कई पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं.

"जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा भी फायरिंग की गयी. जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगी है. जांच किया जा रहा है कि कैसे गोली लगी है. ग्रामीण अगर अपना लिखित आवेदन देते हैं तो जांच किया जाएगा. इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसपर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी."- प्रदीप कुमार,डीएसपी मोहनिया

13 गिरफ्तार 28 नामजद: फिलहाल पूरे मामले में अबतक 28 नामजद अभियुक्त और 50 अज्ञात के विरुद्ध कांड दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. वहीं अबतक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गोली से घायल शख्स का बयान रिकॉर्ड किया गया है. घायल ने बताया है कि वह आ रहा था और उसे पीछे से गोली लगी है. कुंदरा थाने की पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है.

ये भी पढ़ें

बिहार के मेयर के सरकारी और प्राइवेट बॉडीगार्ड गिरफ्तार, शराब से जुड़ा है मामला

'विधानसभा में कराऊंगा शराब की डिलीवरी..' इस दिन सुनील सिंह खोलेंगे बिहार में शराबबंदी की पोल

बिहार में शराब पर से बैन हटेगा या नहीं? आ गया नीतीश सरकार का फाइनल जवाब!

'बिहार में 30 हजार करोड़ का शराब कारोबार..' विधानसभा में RJD विधायक ने गिनाए आंकड़े