गिरिडीह के जमुआ में फायरिंग! मौके से खोखा बरामद, आरोपियों की तलाश तेज
गिरिडीह में फायरिंग की घटना हुई है. मामला जमीन विवाद से जुड़ा है.

Published : January 4, 2026 at 8:38 PM IST
गिरिडीह: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह में फायरिंग की घटना हुई है. घटना रविवार की शाम की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है. मामला जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ है.
दरअसल, रविवार की शाम जमुआ थाना प्रभारी को यह सूचना मिली कि भूपतडीह में गोली चली है. जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी भूपतडीह पहुंचे और घटना की जानकारी ली. यहां पता चला कि संतोष नामक युवक ने पिछले दिनों जमीन खरीदी है. 8 डिसमिल जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर इनका विवाद दूसरे गांव के दो व्यक्ति से हो गया है. संतोष ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम को दो लोग उसके घर पर पहुंचे और उसे बुलाकर दूर ले गए. जहां उसके सिर पर रिवाल्वर के बट से मारा गया. संतोष ने फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है.

जांच में जुटी पुलिस
दूसरी तरफ मामले की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. विमल कुमार ने खोरी महुआ एसडीपीओ, जमुआ इंस्पेक्टर और जमुआ थाना प्रभारी को साफ कहा है कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई भी. एसपी के सख्त रुख के बाद से पुलिस कांड के आरोपियों की खोजबीन में जुटी है.

“जमीन खरीद-बिक्री को लेकर संतोष विश्वकर्मा नामक युवक ने कुछ लोगों पर रिवाल्वर के बट से सिर पर वार करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना के बाद ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे और वहां से एक खोखा बरामद किया है. पुलिस मामले में आगे की जांच में जुटी है. जिनपर आरोप लगाया गया है उनकी भी पहचान हो चुकी है. गोली चलाकर दहशत फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.”- राजेंद्र प्रसाद, एसडीपीओ, खोरी महुआ
ये भी पढ़ें-
गोलियों की तड़तड़ाहट से धनबाद में नए साल की शुरुआत, दहशत में लोग
लातेहार के तुबेद कोलियरी में अपराधियों ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे कर्मी

