मतदान के बाद चली गोली! दो घायल, विरोध में सड़क पर उतरे लोग
गिरिडीह में चुनावी मारपीट हिंसा में बदल गई और गोली चल गई.

Published : February 23, 2026 at 6:31 PM IST
गिरिडीहः शहर में नगर निकाय चुनाव के वोटिंग समय खत्म होने के बाद हिंसा हो गई. यह घटना वार्ड नंबर 18 की है. यहां गोली चली है. गोलीबारी में दो लोगों को गोली लगने की बात कही ना रही है. दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घायलों में मो असलम अंसारी एवं समीम अंसारी शामिल है.
फायरिंग की ये घटना नगर थाना इलाके के झींझरी मोहल्ला-आजाद नगर के बीच की बतायी जा रही है. घायल के मुताबिक सोमवार की सुबह वोटिंग को लेकर झगड़ा हुआ था. इसकी जानकारी पर एसडीएम-डीएसपी पहुंचे और मामला शांत करवा दिया. वहीं शाम को फिर वोटिंग को लेकर कहासुनी हुई. बात नहीं बढ़े इसलिए वे लोग पहुंचे. इसी बीच शिवम श्रीवास्तव के आदमी लोग आ गए और फायरिंग कर दी. कहा कि गोली किसने चलायी है यह उसने देखा नहीं है लेकिन गोली चलाने वाले शिवम के आदमी ही थे.
हंगामा, पुलिस वाहन पर चला पत्थर
इधर गोली चलने की इस घटना के बाद काफी हंगामा हो गया. चैताडीह जाने वाली सड़क में भंडारीडीह चौराहे के पास काफी संख्या में लोगों का जुटान हो गया. लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. वहीं इस दौरान गुजर रहे पुलिस के वाहन पर भी पथराव किया गया. वहीं दो युवकों की पिटाई भी की गई. यहां राजू खान ने कहा कि सुबह से ही वे बोल रहे थे कि जबरन वोटिंग हो रही है. राजू ने शिवम श्रीवास्तव के लोगों और फायरिंग करने का आरोप लगाया. साथ ही साथ पुलिस पर भी धमकाने का आरोप लगाया.
पहुंचे एसपी, घायलों की स्थिति को जाना
इधर घटना की जानकारी मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार सदर अस्पताल पहुंचे. यहां घायलों को स्थिति को जाना और पुलिस पदाधिकारियों को घटनास्थल पर भेजते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि वार्ड नंबर 18 में मतदान समाप्त होने के बाद दो पक्ष भिड़े हैं. दो लोगों को गोली लगने की बात सामने आयी है. आगे पूरे मामले की जांच चल रही है. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
दो युवकों की जमकर पिटाई
दूसरी तरफ इस घटना से नाराज लोगों ने दो लोगों की जमकर पिटाई कर दी. पिटाई से दोनों लोगों को गंभीर चोट लगी है. फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद से डीसी-एसपी इलाके में कैम्प किए हुए है.
बता दें कि रविवार की सुबह इसी वार्ड में वोटिंग को लेकर काफी हंगामा हुआ था. हंगामा के बाद सड़क जाम किया गया था. यहां पर प्रशासन ने तुरंत ही मोर्चा संभाला और फिर स्थिति को काबू में लिया था. इस बीच शाम को फिर से भिड़ंत हो गई.
इसे भी पढ़ें- धनबाद में बोगस वोट पर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
इसे भी पढ़ें- गिरिडीह के बुलाकी रोड पर दो उम्मीदवारों के समर्थकों में झड़प, पुलिस ने खदेड़ा
इसे भी पढ़ें- धनबाद में मतदान के दौरान कई बूथों पर मारपीट, वोटिंग सेंटर पर ही भिड़ गये प्रत्याशी के समर्थक

