ETV Bharat / state

पटना के पॉश इलाके में गोलियों की तड़तड़ाहट, बोरिंग रोड चौराहे पर युवक को मारी तीन गोलियां

बिहार का पटना एक बार फिर से गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा. स्थानीय लोगों का कहना है कि 10-15 राउंड फायरिंग हुई है.

FIRING IN PATNA
घटनास्थल से खोखा और जिंदा कारतूस बरामद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 17, 2026 at 2:26 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की राजधानी के बेहद पॉश इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब बैक टू बैक 7 राउंड फायरिंग की सूचना सामने आई. घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड चौराहा के पास स्थित पाटलिपुत्र होटल के सामने की है. गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

पटना में फायरिंग : सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को देर रात गोलीबारी की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

पटना में फायरिंग से दहला इलाका (ETV Bharat)

PMCH में घायल का चल रहा इलाज : मिली जानकारी के अनुसार, इस गोलीबारी की घटना में एक युवक को तीन गोलियां लगी हैं. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है. डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. घायल युवक की पहचान और घटना के कारणों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है.

घटनास्थल से खोखा और जिंदा कारतूस बरामद : कोतवाली लॉ एंड ऑर्डर के एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि सोमवार की देर रात करीब 10 से 15 लोग एकत्रित हुए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. विवाद के बाद ही गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.

''प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या विवाद का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. मामले में पुलिस ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और शामिल लोगों की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.''- कृष्ण मुरारी प्रसाद, एएसपी, कोतवाली लॉ एंड ऑर्डर

संदिग्धों की तलाश में छापेमारी : राजधानी के पॉश इलाके में इस तरह की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. देर रात तक पुलिस टीम इलाके में कैंप कर रही थी और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें :-

बिहार में पुलिस और अपराधी में मुठभेड़, रंगदारी मांगने वाले कुख्यात अपराधी को लगी गोली

पटना में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक की गोली मारकर हत्या के बाद लोगों ने दो को पीट-पीटकर मार डाला

बिहार में गोलियों की तड़तड़ाहट, पटना में 3 युवकों को मारी गोली