भिवानी में पंचायत के दौरान फायरिंग, दो गुटों के तीन लोग घायल
Firing in Bhiwani: हरियाणा के भिवानी में पंचायत के दौरान फायरिंग हुई. दो गुटों में हुई फायरिंग में तीन लोग घायल हुए हैं.

Published : December 27, 2025 at 12:26 PM IST
भिवानी: शुक्रवार को नौरंगाबाद गांव में पंचायत के दौरान दो गुटों में फायरिंग हो गई. फायरिंग में तीन युवक घायल हुए हैं. तीनों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया. दो युवकों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है, जबकि उपेंद्र नाम के घायल युवक को सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया. भिवानी पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
भिवानी में पंचायत के दौरान फायरिंग: घायल उपेंद्र के भाई शिवपाल ने कहा कि "उपेंद्र नौरंगाबाद गांव में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था. पंचायत के दौरान हुई फायरिंग में उपेंद्र को गोली लग गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को सामान्य अस्पताल में लेकर पहुंचे. पंचायत के दौरान अचानक 4 से 5 राउंड फायरिंग हुई. रात के समय दो गुटों में कहासुनी हुई थी. इसी मामले को सुलझाने के लिए पंचायत हुई थी."
दो गुटों में विवाद: घायल अजय ने कहा कि "बीती शाम को कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था. जिसको लेकर मामला शांत भी हो गया था, लेकिन इसके बाद पूर्व नसीब सरपंच घर पर आया और मैं अपने छोटे बच्चों के साथ था. जिस दौरान 15 से 20 युवकों के द्वारा लाठी डंडों और गोलियों के साथ हमला कर दिया. जिसमें मुझे और मेरे परिवार के अन्य साथी अजय को गोली लगी है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की: डीएसपी अनूप कुमार ने बताया "गाड़ी को लेकर दो गुटों में कहासुनी हुई थी. जिसे लेकर शुक्रवार को गांव में पंचायत हुई. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई. जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं. उपेंद्र नाम के युवक को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है, बाकी दो का इलाज निजी अस्पताल में जारी है. दोनों गुटों में एक गुट सरपंच पक्ष का है और दूसरा पूर्व सरपंच पक्ष का है. फिलहाल दोनों गुटों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है."
ये भी पढ़ें- यमुनानगर में हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में सिक्योरिटी गार्ड का किया था मर्डर
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में एटीएम से कैश चोरी का मामला, नूंह पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

