ETV Bharat / state

सोनीपत में शोरूम पर दिनदहाड़े फायरिंग, रोहित गोदारा गैंग पर आरोप, 2 करोड़ की मांगी थी फिरौती

सोनीपत बहालगढ़ चौक पर पहल न्यूट्रिशन के शोरूम पर फायरिंग का मामला सामने आया है. रोहित गोदारा गैंग पर फायरिंग का आरोप है.

Firing in Sonipat
Firing in Sonipat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 27, 2026 at 8:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सोनीपत: शुक्रवार को सोनीपत बहालगढ़ चौक पर पहल न्यूट्रिशन (सप्लीमेंट) के शोरूम पर बाइक सवार 3 बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग की और फरार हो गए. गोलियां लगने से शोरूम का शीशा टूट गया. गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

सोनीपत में शोरूम पर फायरिंग: सोनीपत पुलिस के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि बहालगढ़ स्थित पहल न्यूट्रीशन शोरूम पर तीन युवक बाइक पर पहुंचे. दो युवक दुकान के बाहर खड़े हो गए, जबकि एक ने अंदर जाकर रिसेप्शन पर बैठे रितेश गर्ग को गोली मारने की बात कही. रितेश गर्ग तुरंत कुर्सी से उठकर पीछे की ओर भाग गया, जिससे उनकी जान बच गई. इसके बाद आरोपी ने बाहर निकलकर फायरिंग की. वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए.

पुलिस की टीम जांच में जुटी: घटना की सूचना मिलते ही DCP क्राइम विपिन कादियान, ACP विजिलेंस अजय धनखड़, CIA इंस्पेक्टर सहित स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की टीम को मौके से एक खाली खोल बरामद हुआ है. गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए. DCP क्राइम विपिन कादियान का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है. आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

दो महीने पहले मांगी थी फिरौती: बताया जा रहा है कि दो महीने पहले गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर पहल न्यूट्रिशन के मालिक वीरेंद्र पहल से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी. फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.

ये भी पढ़ें- करनाल: टैक्सी ड्राइवर हत्याकांड के 2 आरोपी गिरफ्तार, लूट के बाद हत्या कर नहर किनारे फेंका था शव

ये भी पढ़ें- अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर 55 किलो 670 ग्राम गांजा जब्त, 2 महिलाएं गिरफ्तार, CIA टीम ने की कार्रवाई