रामगढ़ में कोयला कारोबारी के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
रामगढ़ में एक कोयला व्यापारी के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

Published : February 12, 2026 at 9:51 AM IST
रामगढ़: जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत सौंदा बस्ती सरैया टोला में देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने कोयला व्यवसायी सह रेलवे रैक लिफ्टर गजानंद प्रसाद उर्फ गज्जू साव के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अपराधियों ने इसी इलाके में सेल संचालक नीतीश कुमार के आवास के बाहर भी गोलियां चलाईं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है. फायरिंग की यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी सयाल-सौंदा बस्ती की ओर से बाइक पर सवार होकर आए. घर के पास पहुंचे और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उसी रास्ते फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखा बरामद जब्त किया है. घटनास्थल पर पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी स्वयं मौजूद रहकर पूरे मामले की मॉनिटरिंग किए. उनके साथ पतरातू थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सहित पुलिस बल भी तैनात है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है.
गौरतलब है कि इससे पहले 24 जनवरी 2023 को भुरकुंडा के बीच बाजार में गजानंद प्रसाद उर्फ गज्जू साव की गाड़ी पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे. लगातार हो रही इन घटनाओं से लेवी वसूली की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिली है. मामले की जांच जारी है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग के बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, विरोध करने पर अपराधियों ने एक शख्स को मारी गोली
रांची में फिर हुई फायरिंग, कोयला और ईंट कारोबारियों को पर्चा फेंक दी गई धमकी
रांची में अस्पताल के बाहर फायरिंग, राहुल सिंह गिरोह ने ली जिम्मेदारी

