ETV Bharat / state

नूंह में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग और पथराव, जांच में जुटी पुलिस

नूंह के बावला गांव में प्लॉट को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष की खबर है.

Firing in Land Dispute
नूंह में जमीन विवाद में फायरिंग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 15, 2026 at 2:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह: जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र के गांव बावला में गुरुवार शाम एक प्लॉट को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ. इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट, पथराव और कथित फायरिंग तक पहुंच गया. झगड़े में कई लोगों के घायल होने की सूचना है.

दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोपः दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना सदर तावडू में शिकायत दी है. वहीं एक अन्य व्यक्ति ने भी अलग से मारपीट और फायरिंग की शिकायत पुलिस को सौंपी है. घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे हैं.

नूंह के बावला गांव में प्लॉट को लेकर दो पक्षों के संघर्ष (ETV Bharat)

गाली-गलौज और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोपः पहले पक्ष की ओर से गांव बावला निवासी तारिफ ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 14 मई की शाम वह अपने घर के सामने भैंस बांधने गया था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया. शिकायत में परिवार के कई लोगों के घायल होने, गर्भवती महिला के साथ मारपीट करने और घरों पर ईंट-पत्थर बरसाने के आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने किसी तरह घर में घुसकर जान बचाई और बाद में पुलिस को सूचना दी.

Firing in Nuh
नूंह में फायरिंग (ETV Bharat)

नकदी लूटने और मारपीट का आरोपः दूसरे पक्ष की ओर से गांव बावला निवासी इब्राहिम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडों, पत्थरों और हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए और घर में तोड़फोड़ की. शिकायत में घरेलू सामान तोड़ने, नकदी लूटने, मारपीट करने और कथित रूप से फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उनके परिवार के घायल सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है.

बावला निवासी शरीफ ने भी थाने में दिया आवेदनः इसी मामले से जुड़ी एक अन्य शिकायत गांव बावला निवासी शरीफ की ओर से थाना सदर तावडू में दी गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया और कथित रूप से कट्टे से फायर किया गया. शिकायतकर्ता ने बताया कि मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी गाड़ी सहित घर के दरवाजे, खिड़कियां और अन्य सामान तोड़ दिए गए. उन्होंने दावा किया कि घटना की रिकॉर्डिंग और फुटेज उनके पास मौजूद हैं.

क्या है मामलाः पुलिस के अनुसार गांव बावला में एक खाली पड़े प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था, जिस पर दोनों पक्ष अपना-अपना कब्जा बता रहे थे. इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ. पुलिस को झगड़े में दोनों ओर से लोगों के घायल होने और एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग किए जाने की भी सूचना मिली है. पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं और मामले की जांच की जा रही है.

शिकायत के आधार पर पुलिस कर रही है जांच: जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि "बावला गांव में दो पक्षों के बीच अलग-अलग झगड़े हुए हैं. फायरिंग की सूचना भी मिली है. पुलिस को जो शिकायतें मिली हैं, उनके आधार पर जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-हांसी के बडाला गांव में जमीन विवाद में गरजी बंदूकें, 4 लोगों को लगी गोली