फरीदाबाद में वकील के चैंबर में लगी आग, एसी में ब्लास्ट होने से बेकाबू हुई
फरीदाबाद सेक्टर-12 स्थित जिला कोर्ट के पास बनी वकीलों की बिल्डिंग में लगी आग. पांचवीं मंजिल पर बने चेंबर नंबर 552 में सामान जलकर राख.

Published : July 3, 2026 at 6:50 PM IST
फरीदाबाद: शुक्रवार दोपहर फरीदाबाद सेक्टर-12 स्थित जिला कोर्ट के पास बनी वकीलों की बिल्डिंग में अचानक आग लग गई. आग बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर बने चेंबर नंबर 552 में लगी. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी है. आग से चेंबर में रखी बड़ी संख्या में फाइलें, कानून की किताबें और अन्य सामान जलकर राख हो गया. देखते ही देखते आग इतनी भड़क गई की चेंबर के एसी तक जा पहुंची.
फरीदाबाद में वकील के चैंबर में आग: एसी में आग लगने के बाद तेज धमाका हुआ, जिससे आग और ज्यादा फैल गई. आग की लपटें बिल्डिंग के बाहर से भी दिखाई देने लगीं. घना धुआं चौथी मंजिल तक फैल गया, जिससे बिल्डिंग में मौजूद वकीलों और वहां आने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने के तुरंत बाद आसपास के चेंबरों में मौजूद वकीलों ने फायर सिलेंडर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन चेंबर के अंदर बड़ी मात्रा में कागजी फाइलें और अन्य सामान होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका. इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई.
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू: सूचना मिलते ही सेक्टर-15 फायर स्टेशन से दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया. आग से चेंबर में रखा फर्नीचर, कागजी रिकॉर्ड, किताबें और अन्य सामान जलकर राख हो गया. राहत की बात ये रही कि जिस समय आग लगी, उस समय चेंबर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई.
चैंबर में रखा सारा सामान जलकर राख: फरीदाबाद बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैसला ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 3 बजे आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पूरी बिल्डिंग धुएं से भरी हुई थी. उन्होंने बताया कि आग चेंबर नंबर 552 में लगी, जहां अधिवक्ता चंद्र कौशिक बैठते हैं. फिलहाल आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की है. उन्होंने कहा कि सभी वकीलों ने पुलिस और दमकल विभाग के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया.
किसी के हताहत होने की खबर नहीं: वहीं सेक्टर-12 सेंट्रल थाना प्रभारी रणबीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया. इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- रोहतक में ब्लास्ट से गिरी घर की छत, सामने आई चौंकाने वाली वजह

