ETV Bharat / state

बिहार में आग का तांडव: बेतिया में कलयुगी बेटे ने अपने ही घर को फूंका, कटिहार में चार दुकानें जलकर राख

बिहार के बेतिया में शराबी बेटे ने खुद के घर में आग लगाई, जबकि कटिहार के मनिहारी में शॉर्ट-सर्किट से चार दुकानें खाक हुईं.

fire incident
बेतिया में आग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 20, 2026 at 9:50 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बेतिया: बेतिया नगर थाना क्षेत्र के मित्र चौक स्थित वार्ड नंबर 14 में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपने ही घर में आग लगा दी. देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया और घर में रखे नगद, गहने समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई. आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

तीन दिनों से चल रहा था विवाद: परिजन के अनुसार संजय कुमार ठाकुर नामक व्यक्ति पिछले तीन दिनों से अपनी मां के साथ लगातार विवाद कर रहा था. स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और विवाद के दौरान घर में आग लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी.

बेतिया में अगलगी (ETV Bharat)

"मेरा बेटा घर में शराब पीकर आया था. शराब के नशे में उसने घर में आग लगाई और घर से फरार हो गया. वह हमेशा शराब के नशे में रहता है. घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ था." -अनीता देवी, आरोपी की मां

लाखों की संपत्ति जलकर खाक: मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा नगद, गहने और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था. दमकल कर्मी ने बताया कि हमें सूचना मिली कि घर में आग लगी है. सूचना पर जब हम पहुंचे तो आग तेज थी. कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया गया.

"घर के फर्नीचर और कुछ सामान में आग लगी थी. पूछताछ में पता चला कि घर में आपसी झगड़े में शराब के नशे में धुत बेटे ने आग लगा दी है. वह घर छोड़कर फरार हो गया है. घर बेचने के बाद परिवार उसी मकान में किराये पर रह रहा था." -दमकल कर्मी

आरोपी को तलाश रही पुलिस: घटना के बाद आरोपी संजय कुमार ठाकुर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आरोपी की तलाश में जुट गई है. इलाके में इस तरह की घटना सामने आने से लोग हैरान हैं. लोगों का कहना है कि विवाद इस तरह मोड़ लेगा किसी को पता नहीं था.

कटिहार में भीषण आग: इधर, कटिहार जिले के मनिहारी नगर पंचायत स्थित रेल गेट बाजार इलाके में मंगलवार की शाम अचानक लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. देखते ही देखते आग ने चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में दुकानें जलकर राख हो गईं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बाजार क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

fire incident
कटिहार में आग बुझाते दमकल कर्मी (ETV Bharat)

बड़ा हादसा टल गया: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बाल्टी, पाइप और अन्य संसाधनों के साथ आग बुझाने में जुट गए. दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना आग आसपास की कई और दुकानों और मकानों तक पहुंच सकती थी.

कटिहार में अगलगी (ETV Bharat)

शॉर्ट सर्किट की आशंका: घटना को लेकर मनिहारी नगर पंचायत के उप-मुख्य पार्षद शुभम कुमार पोद्दार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावनाओं पर भी चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा कि आग काफी तेजी से फैल रही थी, लेकिन स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.

"आग क्यों लगी अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. संभावना है कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी है. नुकसान का आंकलन किया जा रहा है. पुलिस भी मौके पर पहुंची है. जांच की जा रही है." -शुभम कुमार पोद्दार, उप-मुख्य पार्षद, मनिहारी नगर पंचायत

ये भी पढ़ें: