दुर्ग के मोबाइल टावर में आग, दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा, बड़ा हादसा टला
दुर्ग भिलाई में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया. मोबाइल टावर में लगी आग को समय रहते बुझा दिया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 3, 2026 at 5:29 PM IST
दुर्ग: स्टील सिटी दुर्ग भिलाई के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में एक मोबाइल टावर में आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही दुर्ग भिलाई की दमकल टीम तुरंत हरकत में आई. आनन फानन में दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. आग लगने से मोबाइल टॉवर में लगा केबल जलकर खाक हो गया. आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है.
भिलाई के सेक्टर 8 की घटना
मंगलवार की दोपहर को भिलाई के मोबाइल टावर में अचानक आग लगते देखा गया. उसके बाद तुरंत दुर्ग भिलाई के फायर फाइटर एक्टिव हुए और मौके पर पहुंचे. इस दौरान धुएं का गुबार भीषण रूप ले चुका था. धुआं काफी ऊंचाई तक आसमान में साफ दिखाई दे रहा था. आग की सूचना मिलने पर भिलाई नगर थाना पुलिस जिला प्रशासन और बीएसपी के फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
शरारती लोगों की करतूत
जानकारी के अनुसार मोबाइल टॉवर के आसपास झाड़ियां है. झाड़ियों में अज्ञात शरारती तत्वों ने आग लगाई थी जो आग मोबाइल टॉवर तक पहुंच गई और टॉवर में लगे हैवी केबल में देखते ही देखते आग लग गई. यह केबल धू धू कर जलने लगी. उसके बाद दुर्ग भिलाई की दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला और आग को बुझाने का काम किया. फायर फाइटर ने टावर की ऊंचाई पर पानी की बौछारें की उसके बाद ही आग पर काबू पाया जा सका. दुर्ग भिलाई पुलिस ने इस घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है. आग लगने की वजह का अभी खुलासा नहीं हो सका है.

