भरतपुर: बीएसएनएल के इक्यूपमेंट रूम में भीषण आग, देरी से पहुंची दमकल, संचार सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
आग लगने की सूचना पर दमकल करीब 1 घंटे देरी से पहुंची. पानी कम होने के चलते दमकल को दोबारा पानी भरने लौटना पड़ा.


Published : January 7, 2026 at 4:24 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 4:51 PM IST
भरतपुर: शहर के कृष्णा नगर स्थित बीएसएनएल कार्यालय के इक्यूपमेंट रूम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई. आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है, जिसने देखते ही देखते दूरसंचार से जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची, जिससे आग और फैल गई. इस हादसे में बीएसएनएल के नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है. इसके चलते शहर व आसपास के क्षेत्रों में हजारों उपभोक्ताओं की संचार सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
बीएसएनएल के सब डिविजनल इंजीनियर प्रकाश शेखर ने बताया कि दोपहर बाद अचानक इक्यूपमेंट रूम से धुआं उठता दिखाई दिया. कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल छोटे अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका. इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई.
पढ़ें: जयपुर में जेसीबी वर्कशॉप में भीषण आग, दो घंटे उठती रही लपटें और धुआं
दमकल विभाग को सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद पहली दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन उसमें पानी कम होने के कारण उसे दोबारा पानी भरने लौटना पड़ा. हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया. फिलहाल तीन दमकल वाहन मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं. इक्यूपमेंट रूम में रखे संवेदनशील उपकरणों और बिजली के कनेक्शनों के कारण दमकलकर्मियों ने काफी सावधानी बरती.

पढ़ें: गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग से एक की मौत, पांच गंभीर घायल, सिपाही की बहादुरी से बची जानें
प्रकाश शेखर ने बताया कि आग से बीएसएनएल के कई महत्वपूर्ण उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है. अभी नुकसान का पूरा आकलन नहीं किया जा सका है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे बड़ा नुकसान माना जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस घटना का सीधा असर बीएसएनएल की संचार सेवाओं पर पड़ सकता है. कितने उपभोक्ता प्रभावित होंगे और नेटवर्क किस हद तक बाधित होगा, इसका पता तकनीकी जांच के बाद चलेगा.

