रांचीः टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, अफरा तफरी के बीच आग पर काबू पाया गया
रांची के लालपुर इलाके में बुधवार को एक गोदाम में अचानक आग लग गई. काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया.

Published : March 4, 2026 at 1:48 PM IST
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार
रांचीः शहर के लालपुर इलाके में स्थित टेंट हाउस के गोदाम में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई. आग की लपटें इतनी तेज गति से बढ़ीं कि देखते ही देखते पूरा गोदाम जलकर स्वाहा हो गया. मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया.
क्या है पूरा मामला
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई. आग ने होलो के जश्न के बीच इलाके में हड़कंप मचा दिया. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पानी और अन्य साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, बाद में पहुंचे दमकल वाहनों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रण में की.
देखते ही देखते आग ने गोदाम को चपेट में ले लिया
इस टेंट हाउस के गोदाम में शादी-समारोहों के लिए इस्तेमाल होने वाले सामान जैसे टेंट, कुर्सियां, स्टेज मटेरियल और अन्य उपकरण रखे हुए थे. अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गली के कारण वाहन गोदाम तक नहीं जा सके. फायरमैनों को पैदल उपकरण लेकर जाना पड़ा, जिससे आग बुझाने में करीब एक घंटे से ज्यादा समय लग गया.
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है. लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस के साथ दमकल अग्निशामक के वाहन भी मौके पर पहुंचे थे थोड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
ये भी पढ़ें:
बोकारो के सिवानडीह मोड़ पर टेंट हाउस में भीषण आग, 5-7 गैस सिलेंडर फटने की आशंका
धनबाद के सब्जी मंडी में लगी भीषण आग, 12 से अधिक दुकानें जलकर खाक

