आग की एक चिंगारी ने किसानों के एक साल की मेहनत को कर दिया राख, पांच एकड़ में लहलहा रहे गन्ने की फसल नष्ट
एक चिंगारी ने किसानों की एक साल की मेहनत को पल भर में राख में बदल दिया.

Published : April 25, 2026 at 3:54 PM IST
गिरिडीह: बगोदर ब्लॉक के अटका पूर्वी पंचायत के लक्षीबागी में आग लगने की घटना में किसानों की एक साल की मेहनत तब बर्बाद हो गई. करीब 5 एकड़ में लगी गन्ने की फसल आग की वजह से नष्ट हो गई.
आग लगने का कारण नहीं पता चला
इस घटना में किसानों को लगभग 15 लाख रुपए का नुकसान पहुंचा है. 20 की संख्या में किसानों के खेतों में लगे गन्ना की फसल नष्ट हो गए हैं. गन्ना की तैयार फसल नष्ट होने से उनमें मायूसी छाई हुई है. किसानों के द्वारा आपदा राहत के तहत मुआवजा दिए जाने की मांग की गई है. गन्ना के खेतों में आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसानों को नहीं है. आग लगने से धू-धूकर खरपतवार जलने लगे. जिसके चलते तैयार हो चुकी गन्ने की फसल नष्ट हो गई.
नष्ट हुए गन्ने की फसल का जायजा लिया गया
किसानों का कहना है कि आग से नष्ट हुआ गन्ना अब किसी काम का नहीं रहा. घटना की सूचना मिलने पर पंचायत समिति सदस्य टेक नारायण साव, पंचायत समिति सदस्य रंजीत मेहता, पूर्व पंचायत समिति सदस्य गोबिंद सिंह, भाकपा माले नेता सह किसान बिहारी लाल मेहता खेत पहुंचे और नष्ट हुए फसल का जायजा लिया.
मुआवजे की मांग
लोगों ने बगोदर सीओ प्रवीण कुमार को मामले से अवगत कराया और आपदा राहत के तहत क्षतिपूर्ति की भरपाई की मांग की है. दूसरी ओर पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह को भी मामले की जानकारी दी गई एवं सरकारी स्तर पर भुक्तभोगी किसानों को मुआवजा दिलाने की दिशा में पहल किए जाने की मांग की गई. पूर्व विधायक ने किसानों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है. बता दें कि लक्षीबागी में बड़े पैमाने पर गन्ना की खेती की जाती है. यहां से गन्ना आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता है. साथ हीं नेशनल हाईवे के किनारे गन्ने के जूस की बिक्री की जाती है.
यह भी पढ़ें:
महुआ के पेड़ पर लगने वाले फल डोरी का उपयोग जानकर हैरान हो जाएंगे आप, जानें क्या-क्या हैं फायदे
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की तोड़ी कमर, खेतों में तैयार तरबूज समेत अन्य पौधे हुए नष्ट
महुआ की फसल पर बेमौसम बारिश की मार! किसानों की बढ़ी चिंता, बोले- इस बार भारी नुकसान की आशंका

