ETV Bharat / state

हरिद्वार में दुकानों में लगी आग, सिलेंडर फटने से होटलों तक पहुंची, आधी रात बाहर निकाले यात्री

हरिद्वार के विष्णु घाट इलाके की घटना, फायर ब्रिगेड की सक्रियता से बड़ा हादसा टला

HARIDWAR FIRE
हरिद्वार में आग (Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 24, 2026 at 10:41 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: शहर में विष्णु घाट के पास देर रात तीन दुकानों में भीषण आग लग गई. भीड़भाड़ वाले इलाके में आग लगने से लोगों में अफरातफरी मच गई. आग लगने की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

विष्णु घाट के पास खानपान की दुकानों में आग: आग लगने का कारण छोटा सिलेंडर फटना बताया जा रहा है. संकरी गलियों में आग लगने से फायर ब्रिगेड को पहुंचने में भी काफी मुश्किल हुई. गनीमत रही कि आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ है. रात में बाजार पूरी तरह से बंद था. अगर आग दिन में लगती, तो हादसा बड़ा हो सकता था. आग लगने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हरिद्वार में लगी आग (Video Courtesy- Fire Brigade)

सिलेंडर फटने से फैल गई आग: दरअसल देर रात करीब एक बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के विष्णु घाट चौक पर खाने पीने की दुकानों से धुआं निकलता दिखाई दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आग लगने के कारण मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि भीषण आग में एक दुकान में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया. सिलेंडर के फटते ही इस दौरान आग भीषण हो गई.

आग ने दो होटलों को भी चपेट में लिया: सिलेंडर फटने से होटल हरि निवास और राज होटल के दूसरे तल तक आग की लपटें पहुंच गईं. इसी बीच लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची. स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. सबसे पहले नजदीकी होटलों के कमरों में रुके यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. साथ ही दुकानों में रखे चार अन्य सिलेंडर को सकुशल बाहर निकाले गए. फायर टीम ने मौके पर बड़ी दुर्घटना होने से बचायी और कोई जनहानि नहीं हुई. फायर कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू किया और आग को आसपास स्थित दुकानों व होटलों में फैलने से रोका.

दो घंटे बाद आग पर पाया काबू: सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि-

आग लगने की सूचना मिलते ही मायापुर यूनिट से फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची थी. बाजार में छोटी गलियां होने के कारण बड़ी गाड़ियां ले जाना चुनौतीपूर्ण था. फिर भी टीम ने आग को अन्य दुकानों में फैलने नहीं दिया और समय रहते आग पर काबू पाया गया. प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है. कोई जनहानि नहीं हुई है. नुकसान का आकलन किया जा रहा है. गहनता से मामले की जांच की जा रही है.
-वंश बहादुर यादव, सीएफओ-

ये भी पढ़ें: रुड़की में अचानक चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान