घनी आबादी के बीच कचरा गोदाम लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा
धनबाद के सरायढेला में घनी आबादी के बीच कचरा गोदाम में भीषण आग लग गई. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

Published : December 27, 2025 at 3:19 PM IST
धनबाद: सरायढेला पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्टील गेट से सुगियाडीह जाने वाली सड़क पर न्यू बैंक कॉलोनी में मौजूद कूड़े के एक बड़े ढेर में अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैल गई और लपटें आसमान तक ऊंची उठने लगीं. सूचना मिलने पर सरायढेला पुलिस स्टेशन के प्रभारी मनजीत कुमार सिंह और उनकी टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद स्टेशन प्रभारी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
बड़ा फायर इंजन नहीं पहुंच सका
सूचना मिलने पर दो फायर इंजन मौके पर पहुंचे. हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम कुछ नहीं कर पाई, क्योंकि छोटे वाहन से आग बुझाने की कोशिश की गई तो उसके पानी का प्रेशर आग बुझाने के लिए पर्याप्त नहीं था. गली संकरी होने के कारण बड़ा फायर इंजन मौके पर नहीं पहुंच पाया. ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से भी फायर इंजनों को दिक्कत हो रही थी. हालांकि आग लगने के बाद पुलिस ने पहले ही बिजली सप्लाई काट दी थी. आग करीब डेढ़ से दो घंटे तक तेजी से जलती रही. कचरे के ढेर में कांच की बोतलें और अन्य सामान थे, जो ब्लास्ट कर रहे थे.
आग पर काबू पाया गया
कचरा ढेर के तीनों ओर बड़ी-बड़ी बिल्डिंगें हैं. पुलिस ने बिल्डिंगों में रह रहे लोगों को उनकी सुरक्षा के लिहाज से खाली करा दिया. पुलिस की सक्रियता काफी काम आई. जब आग की लपटें कम हुईं, तब बड़ी दमकल गाड़ी कचरा ढेर से कुछ दूरी पर आकर खड़ी हो गई. वाहन को सड़क पर खड़ा कर ही पाइप के जरिए पानी कचरा ढेर तक पहुँचाया गया. शेष बची हुई आग पर दमकल की मदद से काबू पाया गया.

फायर ब्रिगेड के प्रधान अग्नि चालक सुभाष चंद्र ने बताया कि बड़ी दमकल नहीं लाई जा सकी. छोटा वाहन लाया गया, लेकिन छोटे वाहन के पानी के प्रेशर से आग पर काबू पाना मुश्किल था और उसका कोई असर नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि रास्ता काफी संकीर्ण है, जिसके कारण बड़ा वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका.

कचरे का ढेर हटवाना यहां के लोगों की जिम्मेदारी
सुभाष चंद्र ने कहा कि कचरा ढेर का इतनी घनी आबादी के बीच होना आग के खतरे को निमंत्रण देने के बराबर है. बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है. कचरे के ढेर को यहां से हटवाना यहां बसे लोगों की जिम्मेदारी है. वहीं सूरज ने बताया कि यह कचरे का ढेर उनके भाई का है. आग कैसे लगी, इस बात की जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है. सुबह 9 बजे कचरा बीनने वाले लोग आते हैं, सम्भवतः आग इससे पहले लगी थी.
ये भी पढ़ें-
गढ़वा की लाइफ लाइन दानरो और सरस्वती नदी में कचड़ा निस्तारीकरण का कार्य शुरू, 6 महीने तक चलेगा काम
धनबाद के कचरा गोदाम में लगी भीषण आग, लोगों के बीच मची अफरा-तफरी

