फरीदाबाद में देर रात बैंक्विट हॉल में लगी भयानक आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
फरीदाबाद में बाटा चौक के नजदीक बने खातिर बैंक्वेट हॉल में अचानक भीषण आग लग गई. दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया.

Published : June 25, 2026 at 1:30 PM IST
फरीदाबाद: देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाटा चौक के नजदीक बने खातिर बैंक्वेट हॉल में अचानक भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने पर चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग इतनी भयंकर थी कि एहतियात के तौर पर आसपास की बिल्डिंग को भी खाली कराया गया, ताकि बड़ी घटना को रोका जा सके. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ.
फरीदाबाद बैंक्वेट हॉल में आग: घटना देर रात की बताई जा रही है. चश्मदीदों के मुताबिक अचानक से बैंक्वेट हॉल में धूंआ उठता दिखाई दिया. देखते ही देखते पूरा बैंक्वेट हॉल आग से जल गया. हमने आग की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया. आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडरों को भी मौके पर बुलाया गया ताकि आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका जा सके.
दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया: प्रत्यक्षदर्शी सोनू के अनुसार "आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया. एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. राहत की बात ये रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि बैंक्वेट को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है."
आग की वजह साफ नहीं: आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच की जा रही है. पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं.
पुलिस की जांच जारी: पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि आग लगने के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. वहीं फायर विभाग भी अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहा है. घटना के बाद इलाके में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रही और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी है. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

