एसी में शॉर्ट सर्किट से एसबीआई बैंक में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
बैंक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि लोन शाखा में लगे AC से अचानक चिंगारियां निकलीं और कुछ ही क्षणों में उसमें आग लग गई.

Published : July 3, 2026 at 1:35 PM IST
भरतपुर: जिले के बयाना कस्बे के आर्य समाज रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में शुक्रवार सुबह एसी में हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. आग बैंक की दूसरी मंजिल पर स्थित लोन शाखा में भड़की, जिससे पूरे परिसर में धुआं फैल गया और कर्मचारियों व ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई. बैंक के सुरक्षा गार्ड ने तत्काल मेन बिजली सप्लाई बंद कर फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया.
AC में दोबारा आग भड़की: बैंक सुरक्षा गार्ड करतार सिंह कसाना ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई. लोन शाखा में लगे AC से अचानक चिंगारियां निकलीं और कुछ ही क्षणों में उसमें आग लग गई. आग तेजी से फैलने लगी, जिससे बैंक परिसर धुएं से भर गया. सुरक्षा गार्ड ने बताया कि जैसे ही उन्हें आग लगने की सूचना मिली, वह तुरंत दूसरी मंजिल पर पहुंचे. सबसे पहले उन्होंने बैंक की मेन बिजली सप्लाई बंद की ताकि आग और अधिक न फैल सके. इसके बाद उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. शुरुआती प्रयास में आग कुछ देर के लिए नियंत्रित हो गई, लेकिन AC में दोबारा आग भड़क उठी.
पढ़ें: पशु बाड़े में लगी भीषण आग: एक बछड़े सहित पांच गोवंश की मौत, मची अफरा तफरी
फिर भी नहीं थमी आग: गार्ड ने लगातार एक के बाद एक तीन से चार फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया. बैंक के अन्य कर्मचारियों ने भी उनका साथ दिया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही. आग की लपटें और धुआं बढ़ने के कारण कर्मचारियों के लिए आग पर पूरी तरह काबू पाना मुश्किल हो गया. करतार सिंह कसाना ने बताया कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना खिड़कियां और दरवाजे खोले, ताकि धुआं बाहर निकल सके. उन्होंने अंदर घुसकर लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की. इस दौरान बैंक के कर्मचारियों और इलेक्ट्रिशियन बहादुर सिंह ने भी उनका पूरा सहयोग किया.
पढ़ें: छोटे बच्चों से भरी स्कूल वैन में लगी आग, चालक की तत्परता से टला हादसा
आग पर पाया काबू: स्थिति बिगड़ती देख बैंक प्रबंधन ने तत्काल कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. समय रहते आग बुझा लेने से आग बैंक के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी. घटना के समय बैंक में कई कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे. समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि लोन विभाग में रखे फर्नीचर, एसी और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है. बैंक के ब्रांच मैनेजर द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

