कटनी CSP नेहा पच्चीसिया समेत 3 पर धोखधड़ी का मामला दर्ज, 1 करोड़ की जमीन के मामले में गड़बड़ी के आरोप
कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया और दो अन्य पर धोखाधड़ी समेत कई धाराएं, विभागीय जांच से बचने हाईकोर्ट भी जा चुकी थी नेहा, जयप्रकारश पटेल की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 21, 2026 at 12:28 PM IST
कटनी : मध्यप्रदेश के कटनी जिले की सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं. अपने खिलाफ हुई विभागीय कार्रवाई पर एसपी की शिकायत हाईकोर्ट में करने वाली कटनी सीएसपी बुरी तरह उलझ गई हैं. विभागीय जांच में सामने आया है कि उन्होंने कथित तौर पर लगभग 1 करोड़ रु की जमीन के मामले में गड़बड़ी की है, जिसके बाद सीएसपी नेहा पच्चीसिया व दो अन्य पर मामला दर्ज किया गया है. इससे पहले नेहा पच्चीसिया ने अपना प्रभार व अधिकार क्षेत्र छिनने पर कटनी एसपी के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट से भी उन्हें झटका लगा था.
कटनी सीएसपी पर लगे गंभीर आरोप
भोपाल सतर्कता शाखा की शिकायत और जबलपुर जोन के निर्देश पर कटनी के कुठला थाने में CSP समेत अन्य आरोपियों पर धोखाधड़ी, दबाव बनाने व आपराधिक सांठगांठ की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. दरअसल, कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली खसरा नंबर 2618/1 की बेशकीमती जमीन के सौदे में सीएसपी द्वारा गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगे हैं. विभागीय जांच में सामने आया कि पुलिसिया तंत्र और पद के रसूख का कथित दुरुपयोग कर नेहा पच्चीसिया ने रमेश लोधी की जमीन की रजिस्ट्री दबाव बनाकर नियम विरुद्ध तरीके से दूसरे व्यक्ति के नाम करवा दी. इस जमीन की कीमत लगभग 1 करोड़ रु बताई जा रही है.

लंबे समय से चल रही विभागीय जांच
कटनी सीएसपी पर जुलाई महीने में वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रांसपोर्टर से 30 हजार रु की मांग करन के आरोप लगे थे. इसके बाद उनके ड्राइवर को निलंबित कर दिया गया था और CSP से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया गया था. इतना ही नहीं कुठला थाने में दर्ज हत्या के मामले में तय समयावधि के अंदर चालान कोर्ट में पेश नहीं करने के कारण मुख्य आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिल गई थी, जिसमें CSP की कार्यप्रणाली पर वरिष्ठ अधिकारियों ने नाराजगी जताई थी. वहीं, अपने खिलाफ कार्रवाई होता देख सीएसपी ने हाईकोर्ट की शरण ली और एसपी के खिलाफ आरोप लगाए कि बिना किसी कदाचार उनका प्रशासनिक कार्यक्षेत्र घटा दिया गया, लेकिन हाईकोर्ट से कोई राहत नहीं मिली.
एडीजीपी व आईजी के निर्देश पर एफआईआर
इसके बाद नेहा पच्चीसिया की एक और शिकायत भोपाल स्थित सतर्कता शाखा पहुंची, जहां से मामला जबलपुर जोन भेजा गया. ADGP/IGP जबलपुर के निर्देश पर ASP अनु बेनीवाल ने सीएसपी के बैंक खातों, दस्तावेजों और ट्रांजैक्शन की बिंदुवार जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी. इसके आधार पर 18 अगस्त 2026 को जबलपुर जोन कार्यालय ने कटनी पुलिस अधीक्षक को वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कुठला थाने में FIR दर्ज की गई. पुलिस अब कटनी सीएसपी के बैंको लेनदेन, जमीन नामांतरण प्रक्रिया और इस पूरे नेटवर्क में शामिल आरोपियों की भूमिका की गंभीरता से जांच में जुट गई है.
यह भी पढ़ें-
- विभागीय जांच में फंसी कटनी सीएसपी को हाईकोर्ट से झटका, एसपी के आदेश पर उठाए थे सवाल
- हत्या के आरोपी की आजीवन कारावास की सजा निरस्त, जांच व सबूतों में हुई थी गड़बड़ी, हाईकोर्ट ने दिए निर्देश
इस मामले में कटनी के कुठला थाना प्रभारी व एफआईआर के मुताबिक, '' वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश व जांच के आधार पर नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ बीएनएस की धारा 61, 198, 199, 308(7) और 318(4) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है. इस मामले में शिकायतकर्ता आकाश उर्फ रमेश लोधी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता रमेश लोधी पर आरोपियों ने दबाव बनाकर ग्राम कन्हवारा की जमीन की रजिस्ट्री 15 अप्रैल 2026 को मारूफ अहमद हनफी के नाम करा दी गई. आरोप है कि जमीन का सौदा लगभग 1 करोड़ रु में तय हुआ था लेकिन 18.20 लाख रु में करा दी.

