रांची में डीएसपी पर यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
रांची में एक पुलिस अफसर पर यौन शोषण का आरोप लगा है. एक युवती ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.

Published : May 29, 2026 at 2:26 PM IST
|Updated : May 29, 2026 at 5:23 PM IST
रांचीः झारखंड पुलिस के एक डीएसपी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित युवती के आवेदन पर रांची के चुटिया थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
युवती के आवेदन पर एफआईआर दर्ज
रांची के एक थाना में पोस्टेड डीएसपी पर यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज की गई है. रांची की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती ने डीएसपी के खिलाफ रांची के चुटिया थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. एफआईआर में शादी का प्रलोभन देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है. मामले को लेकर रांची के चुटिया थाने में एफआईआर नंबर 70/ 26 दर्ज की गई है.
क्या है एफआईआर में
पीड़ित युवती के द्वारा थाने में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि साल 2024 में उसकी मुलाकात लोहरदगा में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में बातचीत होने लगी इस दौरान डीएसपी के द्वारा यह बताया गया कि वह युवती से प्यार करता है. फोन पर बातचीत होने के बाद दोनों की मुलाकात रांची के एक रेस्टोरेंट में हुई. इस दौरान डीएसपी ने युवती को यह विश्वास दिलाया कि वह उससे शादी करेगा.
उसके बाद दोनों के बीच फोन और मैसेज से लगातार संपर्क बना रहा. युवती के अनुसार इसी बीच दिसंबर 2024 के महीने में डीएसपी के द्वारा उसे एक गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां शादी का वादा किया गया तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया गया. शादी का प्रलोभन देकर उसके बाद भी डीएसपी के द्वारा कई बार युवती से संबंध बनाए गए.
कुछ दिनों के बाद अचानक डीएसपी ने युवती से बात करना बंद कर दिया. पूछने पर डीएसपी ने बताया कि वह उससे शादी नहीं कर सकता है. बाद में इस मामले को लेकर वह पुलिस मुख्यालय तक भी गई, लेकिन जबरदस्ती डीएसपी के परिवारवालों ने मिलकर उनके परिवार से समझौता करवा दिया. इतना ही नहीं डीएसपी के द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता रहा और आत्महत्या के लिए भी उकसाया गया.
पुलिस जांच में जुटी
वहीं दूसरी तरफ चुटिया थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है. मामले में पीड़िता का बयान भी दर्ज करवाया गया है.
ये भी पढ़ें-
होटवार जेल में महिला कैदी से यौन शोषण मामले में हाईकोर्ट सख्त, DGP और सरकार से मांगी रिपोर्ट
रांची जेल के काराधीक्षक के बाद जेलर पर अब लगा यौन शोषण का आरोप, नेता प्रतिपक्ष ने सीएम को लिखा पत्र

