ETV Bharat / state

पुतला दहन को लेकर हंगामा: JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच से जुड़े लोगों के खिलाफ तीन एफआईआर

रांची में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच से जुड़े लोगों के खिलाफ तीन एफआईआर कराई गयी है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

FIR lodged against individuals associated with JPSC JSSC Reform Forum in Ranchi
कोतवाली थाना (रांची) (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 22, 2026 at 7:57 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान शुक्रवार को रांची में हुए हंगामे और मारपीट के मामले को लेकर कोतवाली थाना में तीन एफआइआर दर्ज करवाई गई है. शुक्रवार को पुतला दहन के दौरान जमकर मारपीट और हंगामा हुआ था.

कोतवाली में दर्ज हुआ एफआईआर

शुक्रवार को हुई घटना को लेकर रांची के कोतवाली थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. इनमें दो शिकायतें अंकिता वर्मा और शाहबाज की ओर से, जबकि तीसरी प्राथमिकी एक मजिस्ट्रेट की ओर से दर्ज कराई गयी है. पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में कुल 14 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन

इस घटना की शुरुआत उस समय हुई, जब JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की अगुवाई में छात्र रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर रहे थे. छात्र JPSC और JSSC से जुड़े मामलों में सुधार और कथित अनियमितताओं के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे हैं.

शुक्रवार को भी मंच के बैनर तले छात्र अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, यहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जा रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने छात्रों को पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया. पुतला दहन को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.

पुतला दहन रोकने को लेकर बढ़ा विवाद

इस घटनाक्रम के अनुसार, पुतला दहन रोकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई. इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई और देखते ही देखते मामला अल्बर्ट एक्का चौक से आगे भी फैल गया. इस हंगामे के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक, सदर अस्पताल और JPSC कार्यालय के आसपास भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी. इस दौरान कई लोगों के घायल भी हुए.

मारपीट के आरोप में दर्ज हुईं दो शिकायतें

इस घटना के बाद मामले को लेकर अंकिता वर्मा और शाहबाज की ओर से अलग-अलग शिकायतें दी गईं. दोनों ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कर रहे छात्रों की ओर से उनके साथ मारपीट की गई. इन्हीं शिकायतों के आधार पर कोतवाली थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके अलावा घटनाक्रम को लेकर एक मजिस्ट्रेट की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

तीन एफआईआर में 14 लोग नामजद

पुलिस के अनुसार, तीनों प्राथमिकी को मिलाकर कुल 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है. दर्ज प्राथमिकी में कुणाल कुमार, पीयूष, रविंद्र पासवान, चंडी तिवारी, चितरंजन कुमार, सौरव, वीरेंद्र प्रताप और सुमित शर्मा समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

तीनों मामले दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. कोतवाली पुलिस के अनुसार नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है. घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के कई वीडियो फुटेज भी पुलिस को मिले हैं, उसके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढे़ं- अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन के दौरान हंगामा, रिफॉर्म्स मंच और JMM कार्यकर्ताओं में झड़प, पुतला छीनने का लगाया आरोप

इसे भी पढे़ं- पुतला दहन झड़प पर हजारीबाग में 700 लोगों पर एफआईआर, 200 नामजद और 500 अज्ञात

इसे भी पढे़ं- JMM अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर बोला था हमला, चंपई सोरेन का आरोप