ETV Bharat / state

समर्थकों के साथ होटल में थे बाबूलाल मरांडी, पहुंचे एसडीएम, जोड़ा हाथ, फिर निकले नेता प्रतिपक्ष, प्राथमिकी दर्ज

गिरिडीह में बाबूलाल मरांडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है.

FIR AGAINST BABU LAL MARANDI
बाबूलाल मरांडी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 22, 2026 at 9:20 AM IST

|

Updated : February 22, 2026 at 2:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह प्राथमिकी फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) के मोहम्मद मंसूर की शिकायत पर दर्ज हुई है. मामला चुनाव प्रचार अवधि समाप्त होने के बाद होटल में बैठक से जुड़ा हुआ है. आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को लेकर दर्ज हुई प्राथमिकी की पुष्टि नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने की है.

होटल से निकल गए बाबूलाल मरांडी

दरअसल, 21 फरवरी की शाम 5 बजे प्रचार समाप्त हो गया था. प्रचार समाप्त होने के बाद देर शाम लगभग 8 बजे भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी गिरिडीह बस स्टैंड के समीप अवस्थित एक होटल पहुंचे. यहां उनके समर्थक भी मौजूद थे. होटल के हॉल में सभी बैठे थे. कहा जा रहा है कि यहां बैठक चल रही थी. तभी सदर एसडीएम श्रीकांत विस्पुते पहुंचे और हाथ जोड़ते हुए कहा कि एक साथ इतनी भीड़ नहीं रहनी है. इतना सुनते ही बाबूलाल मरांडी होटल से निकल गए.

जानकारी देते बाबूलाल मरांडी और संजय सिंह (Etv Bharat)

गिरिडीह में मेरा मकान है- बाबूलाल

होटल से निकलने के बाद बाबूलाल ने पत्रकारों से बात की. उन्होंने कहा कि वे भोजन करने इस होटल में आए थे. जब कोई नेता चाहे वह किसी भी दल का हो, कहीं पहुंचता है तो उनके चाहने वाले भी पहुंच जाते हैं. उन्होंने कहा कि एसडीएम ने उन्हें कुछ नहीं कहा, वे खुद ही होटल से निकल गए. बाबूलाल ने कहा कि भले ही वे गिरिडीह निगम के वोटर नहीं है लेकिन यहां पर उनका मकान है.

बाबूलाल की मौजूदगी पर जेएमएम ने उठाया था सवाल

इससे पहले शनिवार की शाम को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेस वार्ता कर शहर में बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी पर सवाल उठाया था. संजय सिंह ने कहा कि सूबे के मंत्री सुदिव्य कुमार न सिर्फ गिरिडीह निगम क्षेत्र के निवासी हैं बल्कि मतदाता भी हैं. वह भी लोगों के साथ बैठक नहीं कर रहे हैं, मगर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वोटर नहीं हैं तो ऐसे में शहर में इनकी मौजूदगी आचार संहिता की दृष्टिकोण से सही नहीं है.

प्रशासन ने ऑन कैमरा कुछ नहीं कहा

इधर बाबूलाल के होटल से जाने के सवाल पर एसडीएम ने कुछ भी कहने से साफ इंकार कर दिया. सिर्फ इतना कहा कि एक दिन बाद मतदान होना है तो भीड़ के इकट्ठा रहने की अनुमति नहीं है.

बाबूलाल मरांडी के खिलाफ एफएसटी टीम द्वारा आदर्श आचार संहिता उल्लंघन को लेकर प्राथमिकी दर्ज करायी गई है. प्राथमिकी होटल में बैठक करने को लेकर दर्ज हुई है. - ज्ञान रंजन, थाना प्रभारी

इसे भी पढ़ें-

बजट सत्र के दूसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, सदन में हुई गरमागरम बहस

झारखंड निकाय चुनाव का प्रचार खत्म, पार्टी समर्थित से लेकर अन्य प्रत्याशियों झोंकी ताकत

निकाय चुनाव: राजनीतिक सरगर्मी के बीच गौण हुए स्थानीय मुद्दे, गैरदलीय आधार पर चुनाव महज औपचारिकता

Last Updated : February 22, 2026 at 2:30 PM IST