सिकोईडिकोन मामले में एफआईआर दर्ज, मांग पूरी नहीं हुई, तो 10 से आमरण अनशन की चेतावनी
पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने कहा कि मामले में FIR दर्ज होना पीड़ितों के संघर्ष की पहली जीत है.

Published : July 2, 2026 at 8:25 PM IST
चाकसू (जयपुर): वर्षों से अपनी जीवनभर की जमा पूंजी वापस पाने के लिए संघर्ष कर रहे शीतला माता सिकोईडिकोन (राजस्थान महिला सेवा सहकारी संस्था) के सैकड़ों पीड़ित परिवारों के आंदोलन ने गुरुवार को बड़ा मोड़ ले लिया. पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी के नेतृत्व में चल रहे जनआंदोलन, प्रशासन को दिए गए अल्टीमेटम और पीड़ितों के बढ़ते दबाव के बाद चाकसू थाना पुलिस ने संस्था से जुड़े महेश शर्मा सहित अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने कहा कि एफआईआर दर्ज होना पीड़ितों के संघर्ष की पहली सफलता है, लेकिन अंतिम लक्ष्य प्रत्येक परिवार को उसकी पूरी जमा राशि वापस दिलाना है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 6 दिनों के भीतर प्रशासन और संबंधित पक्ष अपने वादे पर अमल नहीं करते हैं, तो 10 जुलाई से चाकसू के अंबेडकर सर्किल, कोटखावदा मोड़ पर पीड़ित परिवारों के साथ आमरण अनशन शुरू किया जाएगा.
थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि सलमान खान भाटी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. हमारा प्रयास है कि पीड़ित निवेशकों को जल्द न्याय मिले. शिकायत में दर्जनों निवेशकों की लाखों रुपये की जमा राशि का उल्लेख करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा निवेशकों का पैसा वापस दिलाने की मांग की गई है.
पीड़ित परिवार लंबे समय से अपनी जमा राशि वापस दिलाने की मांग कर रहे थे. उनका आरोप है कि संस्था में जमा करोड़ों रुपए की बचत और एफडी की राशि वापस नहीं मिल रही है तथा संस्था का कार्यालय कई महीनों से बंद पड़ा है. शिकायतकर्ताओं के अनुसार संस्था के प्रबंधक, अध्यक्ष, सचिव और अन्य कर्मचारियों पर विश्वास कर ग्रामीणों ने अपनी वर्षों की मेहनत की कमाई जमा कराई थी, लेकिन अब उन्हें न तो राशि लौटाई जा रही है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है.
पढ़ें: संजीवनी का झूठ फैलाने वालों को फैसला आने पर क्षमा याचना करनी पड़ेगी: गजेंद्र सिंह शेखावत
आंदोलन और वार्ता में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भरतलाल मीणा, कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष हरिनारायण चौधरी, एससी ब्लॉक अध्यक्ष सीताराम मंडावरिया, माधोराजपुरा ब्लॉक अध्यक्ष पवन खारोल, महिला कांग्रेस जिलाअध्यक्ष कविता गुर्जर, यूथ कांग्रेस नेता राम सिंह चेची, सरपंच मोहन दबाई, सरपंच शिवराज गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार मौजूद रहे.

