तुर्कमान गेट पर कड़ा पहरा, सन्नाटे में तब्दील इलाका: कार्रवाई के दौरान पथराव करने के मामले में FIR, पांच लोग हिरासत में
रात में अतिक्रमण के दौरान पथराव करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है.

Published : January 7, 2026 at 11:58 AM IST
|Updated : January 7, 2026 at 12:33 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान के पास तुर्कमान गेट और फैज़-ए-इलाही मस्जिद के आसपास दिल्ली नगर निगम द्वारा चलाए गए बड़े अतिक्रमण विरोधी अभियान के बाद आज सुबह पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले. दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के बाद किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र में व्यापक बैरिकेडिंग की है.
दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी स्थानों पर तैनात किए गए हैं. रात में पथराव करने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है.
आज 7 जनवरी की सुबह से ही तुर्कमान गेट, रामलीला मैदान व आसपास के इलाकों में जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जिससे बाहर से किसी भी अनावश्यक भीड़ की एंट्री को रोकी जा सके. बाहर से आने वाले लोगों को पुलिस द्वारा पूछताछ व पहचान के बाद ही इलाके में प्रवेश दिया जा रहा है. हर चौराहे, गली व प्रवेश मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
#WATCH | Delhi Police detains a person from the area near the Faiz-e-Elahi Masjid, Turkman Gate, where a demolition drive was carried out by the MCD last night. pic.twitter.com/CIFFm1Ik2C
— ANI (@ANI) January 7, 2026
पथराव करने पर एफआईआर दर्ज
आधी रात के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए थे, जब कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस व एमसीडी कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया था. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था. आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए थे. इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे. हालांकि, त्वरित कार्रवाई व अतिरिक्त बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था.
सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी निधिन वाल्सन ने बताया कि रात में बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई के दौरान पहुंच गए थे, जिन्हें समझाया गया तो ज्यादातर लोग वापस से लेकर लेकिन 25 से 30 लोग नहीं गए और वह पुलिस व नगर निगम की टीम पर पथराव करने लगे थे इस मामले में फिर दर्ज कर ली गई है, वीडियो साक्षी के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है फिलहाल पांच लोगों को सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य आरोपी के तहत हिरासत में लिया गया है. सुरक्षा के लिहाज से इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई थी.
इलाके में फैला सन्नाटा, चप्पे–चप्पे पर पुलिस
हालांकि, आज सुबह इलाके का माहौल पूरी तरह शांत नजर आया. आम दिनों में जहां इस इलाके में भारी भीड़ रहती है और सड़क किनारे दुकानें लगती हैं, साथ ही लगातार आवाजाही बनी रहती है, वहीं आज पूरा इलाका सन्नाटे में तब्दील है. लोग अपने घरों में ही रहे और किसी भी तरह की भीड़भाड़ देखने को नहीं मिली.
पुलिस इस बात का भी ध्यान रख रही है कि आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो. पैदल चलने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है. नौकरी-पेशा लोग, आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी व स्थानीय निवासी पहचान के बाद सामान्य रूप से आने-जाने में सक्षम हैं, जिससे दैनिक जीवन व कामकाज सामान्य तरीके से चलता रहे. ईटीवी भारत से बातचीत में स्थानीय निवासी सुल्तान ने बताया कि कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई है लेकिन पैदल आने-जाने में किसी को कोई परेशानी नहीं हो रही है.
मलवा हटाने का काम जारी
वहीं, जिस स्थान पर अतिक्रमण तोड़ा गया है, वहां आज भी एमसीडी की कार्रवाई जारी है. जेसीबी मशीनों के माध्यम से तोड़े गए अवैध निर्माण के मलबे को डंपरों में भरकर मौके से हटाया जा रहा है. पूरे इलाके में एमसीडी के अधिकारी व कर्मचारी पुलिस बल के साथ तैनात हैं, जिससे मलबा हटाने का काम सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके.
सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी निधिन वाल्सन ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं. एहतियातन अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है. ड्रोन व फील्ड स्टाफ के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना व न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें:
1.दिल्ली में आधी रात में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास बुलडोजर एक्शन, विरोध में पुलिस पर पथराव, इलाके में तनाव 2.दिल्ली के झंडेवालन में चला MCD का बुलडोजर, स्थानीय लोगों ने लगाया ये आरोप 5.तिलक नगर में MCD का बुलडोजर एक्शन, फेडरेशन और दुकानदारों ने जताई नाराजगी |

