ETV Bharat / state

कानपुर में सपा नेता इरफान सोलंकी पर FIR, बकरा मंडी में मारपीट के बाद दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज

सपा नेता इरफान सोलंकी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया.

कानपुर में सपा नेता इरफान सोलंकी पर FIR
कानपुर में सपा नेता इरफान सोलंकी पर FIR (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 28, 2026 at 12:57 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: चमनगंज इलाके में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. मंगलवार की रात हलीम ग्राउंड की बकरा मंडी में हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है. एक तरफ जहां इरफान सोलंकी पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगा है. वहीं दूसरी तरफ उनकी विधायक पत्नी के गनर ने भी मंडी संचालकों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है.

बकरा मंडी में विवाद के बाद मुकदमा: पुलिस ने बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी वफा अब्बास की तहरीर पर पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. वहीं, सीसामऊ से सपा विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद की शिकायत पर वफा अब्बास, इमरान, फहद और 15-20 अज्ञात लोगों पर बलवा, लोक सेवक पर हमला और धमकी देने का केस दर्ज हुआ है। गौरतलब है कि इरफान सोलंकी आगजनी के एक मामले में 34 महीने जेल में काटने के बाद पिछले साल ही जमानत पर बाहर आए हैं.

रास्ते से हटने को लेकर हुई मारपीट: शिकायतकर्ता वफा अब्बास के मुताबिक, बकरीद के मद्देनजर मंगलवार रात हलीम ग्राउंड की बकरा मंडी में भारी भीड़ थी और सड़कें जाम हो रही थीं. जब वह लोगों को रास्ते से हटने के लिए कह रहे थे, तभी पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. वफा अब्बास का आरोप है कि विरोध करने पर इरफान और उनके साथियों ने लात-घूसों से उनकी और कमेटी के अन्य सदस्यों समीर, फहद, इकराम की बेरहमी से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी.

अवैध वसूली का विरोध: दूसरी ओर, सपा नेता इरफान सोलंकी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि उन्हें मंडी में आने वाले व्यापारियों से अवैध वसूली किए जाने की शिकायतें मिल रही थी. इसी की हकीकत जानने वह अपनी पत्नी व स्थानीय विधायक नसीम सोलंकी के साथ वहां गए थे. इरफान के मुताबिक, जब विधायक ने अवैध वसूली का विरोध किया, तो वफा अब्बास और उनके लोग भड़क गए और उन पर हमला कर दिया.

कारबाइन छीनने की कोशिश की: विधायक के सुरक्षाकर्मी अजीम अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह विधायक के निर्देश पर बीच-बचाव करने गए थे. आरोप है कि मंडी संचालकों और उनके साथियों ने गनर के साथ हाथापाई की, उनकी वर्दी फाड़ दी और उनकी कारबाइन छीनने का प्रयास किया. गनर का दावा है कि आरोपियों ने मंडी का गेट बंद करके उन्हें जान से मारने की कोशिश की, जिसके बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले.

घटना के बाद भारी हंगामा: मारपीट की इस घटना के बाद बकरा मंडी के पदाधिकारी और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. प्रदर्शनकारियों ने हलीम ग्राउंड के सभी गेट बंद कर दिए और पूर्व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मौके पर तनाव को देखते हुए चमनगंज थाने की पुलिस तुरंत पहुंची. करीब दो घंटे तक चले भारी हंगामे और कानूनी कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को शांत कराने में सफल रही. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की ओर से दर्ज मुकदमों के आधार पर जांच में जुट गई है.

पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि देर रात्रि चमनगंज थाना क्षेत्र में एक ही समुदाय के दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसकी सूचना पर दोनों पक्षों की तरफ से अभियोग पंजीकृत किया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है. विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: कानपुर में साइबर फ्रॉड: Google पर बनाई RBI की फर्जी वेबसाइट, रिटायर्ड JE से 95 लाख ठगने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार