ETV Bharat / state

चिट्टे के खिलाफ रात को पहरा देने वाली महिलाओं पर क्यों हुई FIR, बीजेपी ने कर ली धरने की तैयार

बीजेपी लघाट में महिलाओं पर हुई एफआईआर के विरोध में धरना देगी. इसमें जयराम ठाकुर भी शामिल होंगे.

लघाट गांव की महिलाएं रात को देती हैं पहरा
लघाट गांव की महिलाएं रात को देती हैं पहरा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 28, 2025 at 7:38 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: नशे के सौदागरों और चिट्टे के खिलाफ जंग लड़ने वाली बरमाणा पंचायत के लघट गांव की महिलाओं पर एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में बीजेपी सड़कों पर उतरेगी. दरअसल बिलासपुर के बरामणा में महिलाओं ने चिट्टा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया था. महिला मंडल की महिलाएं रात गश्त भी कर रही थी. इसी दौरान महिलाओं ने दिन में कथित तौर पर कुछ युवकों को चिट्टा तस्करी के शक में पकड़ा. तलाशी लेने के दौरान इनसे कुछ नहीं निकला. इसका वीडियो भी मौके पर बनाया.

इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. युवकों ने वीडियो वायरल होने के बाद सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने और मारपीट का आरोप लगाते हुए महिलाओं पर एफआईआर करवा दी. अब बीजेपी महिलाओं पर हुई एफआईआर के खिलाफ धरना देगी.

जयराम होंगे धरने में शामिल

सदर भाजपा मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर ने कहा कि 'शहर की मेन मार्केट में आयोजित किए जाने वाले धरने के माध्यम से प्रदेश सरकार, जिला पुलिस और चिट्टा माफिया की सांठगांठ उजागर करने के साथ ही सरकार की कथनी और करनी में अंतर की पोल भी खोली जाएगी. विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी भाग लेंगे. धरने के बाद भाजपा उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजेगी.'

रात को महिलाएं दे रही पहरा

हंसराज ठाकुर ने कहा कि 'बरमाणा पंचायत के लघट गांव की महिलाएं नशे पर नकेल कसने के लिए सर्दी के इस मौसम में भी रात को पहरा दे रही हैं. बच्चों को नशे की दलदल में धंसने से बचाने के लिए उनकी यह पहल स्वागत योग्य है, लेकिन उन्हें ईनाम देने या प्रोत्साहित करने के बजाए एक कांग्रेस नेता के फोन और नशा तस्करों के बयान पर उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई. इससे जहां नशे के सौदागरों और बरमाणा थाना पुलिस की आपसी सांठगांठ उजागर हुई है, वहीं चिट्टे के खिलाफ मुहिम शुरू करने वाली प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में अंतर भी साफ तौर पर सामने आया है. इसके विपरीत चिट्टा माफिया के खिलाफ शुरू से ही आवाज बुलंद कर रहे सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने महिला मंडल लघट को 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया है.'

हंसराज ठाकुर ने कहा कि भाजपा इस मामले में नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ रही महिलाओं के साथ है. सरकार और पुलिस प्रशासन से महिलाओं के खिलाफ दर्ज की गई झूठी एफआईआर रद्द करने, नशा तस्करों से सांठगांठ करके महिलाओं के खिलाफ झूठा केस दर्ज करने वाले पुलिस कर्मियों को वहां से हटाने और सस्पेंड करने की मांग बीजेपी कर रही है. बरमाणा थाना में फोन करने वाले कांग्रेस नेता का नाम भी उजागर किया जाए.

ये भी पढ़ें: चिट्टे के खिलाफ रात को गांव में महिलाएं दे रहीं पहरा, हाथों में डंडे और टॉर्च लेकर कर रहीं निगरानी