ETV Bharat / state

राजस्थान में मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, जयपुर जिले में 3.45 फीसदी और भरतपुर जिले में 2.78% वोटर बढ़े

एसआईआर के तहत राजस्थान में अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है. ये सूचियां आगामी चुनावों का आधार बनेगी.

Final voter lists under SIR
एसआईआर के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी करते जिला निर्वाचन अधिकारी (Etv Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 21, 2026 at 5:55 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के बाद समूचे राजस्थान में अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन शनिवार को कर दिया गया है. जयपुर व भरतपुर में भी इन सूचियों का प्रकाशन हुआ. इसके अनुसार जयपुर जिले में मतदाताओं की संख्या में 3.45 फीसदी का इजाफा हुआ है और अब यह बढ़कर 44.35 लाख हो गई है. वहीं, भरतपुर जिले में 2.78% बढ़े वोटर बढ़ें हैं. निर्वाचन आयोग का कहना है कि वंचित रहे गए मतदाता अब भी सूची में नाम जुड़वा सकते हैं. यह सतत प्रक्रिया है.

जयपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 16 दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था. जिले में उस समय कुल मतदाताओं की संख्या 42 लाख 87 हजार 103 थी. सोनी ने बताया कि 16 दिसंबर से 19 जनवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गई. इस अवधि में जयपुर जिले में कुल एक लाख 57 हजार 431 फॉर्म-6/6A, 21 हजार 436 फॉर्म-7 तथा 47 हजार 834 फॉर्म-8 प्राप्त हुए. निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण कर 21 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया. प्रारूप सूची में 42 लाख 87 हजार 103 मतदाता थे, जिनकी तुलना में जयपुर जिले में मतदाताओं की संख्या में 3.45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जयपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 44 लाख 35 हजार 111 हो गई है. इनमें 23 लाख 4 हजार 523 पुरुष, 21 लाख 30 हजार 509 महिला तथा 79 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. यह सूची डीईओ जयपुर की वेबसाइट (https://jaipur.rajasthan.gov.in), सीईओ राजस्थान की वेबसाइट (https://election.rajasthan.gov.in) तथा भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता पोर्टल (https://voters.eci.gov.in) पर ऑनलाइन उपलब्ध है. कोई भी मतदाता ईपीआईसी सर्च के माध्यम से अपना नाम ऑनलाइन देख सकता है.

भरतपुर कलेक्टर कमर चौधरी (Etv Bharat Jaipur)

पढ़ें: SIR Jodhpur: 2 लाख मतदाताओं के नाम कटे, गहलोत की सीट सरदारपुरा से सर्वाधिक हटाए

अब भी जुड़वा सकते हैं नाम: उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, हटाना अथवा संशोधन कराना एक सतत प्रक्रिया है. इसके लिए फॉर्म-6 (घोषणापत्र सहित), फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 ईसीआईनेट ऐप अथवा वोटर्स पोर्टल (https://voters.eci.gov.in) पर ऑनलाइन या संबंधित बीएलओ के माध्यम से भरे जा सकते हैं. सोनी ने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अपील, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अंतर्गत की जा सकती है. प्रथम अपील अंतिम प्रकाशन तिथि से 15 दिन के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से असंतुष्ट होने की स्थिति में द्वितीय अपील 30 दिन के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: SIR में वोटर नाम कटवाने में कांग्रेस भाजपा से कई गुना पीछे, आयोग ने जारी किए फाइनल आंकड़े

भरतपुर जिले में 2.78% बढ़े वोटर: भरतपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के बाद मतदाताओं की संख्या में 2.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है. जिले में कुल मतदाता बढ़कर 10 लाख 89 हजार 431 हो गए हैं. इनमें 5 लाख 86 हजार 302 पुरुष, 5 लाख 3 हजार 116 महिला तथा 13 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. प्रारूप सूची में 10 लाख 60 हजार 6 मतदाता दर्ज थे. जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि सभी आवेदनों का विधिसम्मत निस्तारण किया गया. पारदर्शिता के लिए दावे-आपत्तियों की सूचियां कार्यालय के नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गईं. उन्होंने कहा कि मतदाता संख्या में वृद्धि युवाओं और महिलाओं की बढ़ती सक्रिय भागीदारी का संकेत है. ट्रांसजेंडर मतदाताओं का पंजीकरण समावेशी लोकतंत्र की दिशा में सकारात्मक पहल है. अब यह अंतिम मतदाता सूची आगामी निर्वाचन प्रक्रिया का आधार बनेगी.

बारां में 1.85 प्रतिशत बढ़े वोटर: मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 कार्यक्रम के तहत शनिवार को बारां-अटरू, किशनगंज व छबड़ा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया. तीनों विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 1.85 प्रतिशत बढ़कर 7 लाख 14 हजार 214 हो गई है. यहां 16 दिसंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 7 लाख एक हजार 267 थी.

करौली में 17,209 नए मतदाता जुड़े: जिले में मतदाताओं में 1.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है. जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 10,79,730 हो गई है. जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाभ सक्सेना ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची में 5 लाख 84 हजार 413 पुरुष, 4 लाख 95 हजार 307 महिला तथा 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक गणना कार्य पूर्ण कर 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें करौली जिले में कुल 10 लाख 62 हजार 521 मतदाता दर्ज थे. दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया.