ETV Bharat / state

एमपी में वोटर लिस्ट से काटे गए 34.25 लाख नाम, महिलाओं की हिस्सेदारी घटी, अंतिम मतदाता सूची जारी

एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने जारी किए आंकड़े, महिलाओं की हिस्सेदारी 3.39 प्रतिशत घटी, 904 थर्ड जेंडर शामिल हुए.

ELECTION COMMISSION NEWS
निर्वाचन आयोग ने जारी किए आंकड़े (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 21, 2026 at 9:45 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल : मध्यप्रदेश में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्य में मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 से घटकर 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 रह गई है और 34 लाख 25 हजार 078 नाम सूची से हटाए गए हैं. संशोधन के बाद 8 लाख 49 हजार 082 नए मतदाता जोड़े गए हैं. नई सूची में 51.69 प्रतिशत पुरुष और 48.30 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं, जिससे महिलाओं की हिस्सेदारी भी 3.39 प्रतिशत कम दर्ज की गई है. वहीं मध्यप्रदेश में 904 थर्ड जेंडर मतदाता भी शामिल किए गए हैं.

गोविन्दपुरा में सबसे अधिक नाम हटाए

मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया, '' एसआईआर के दौरान सबसे अधिक नाम भोपाल जिले की गोविन्दपुरा विधानसभा सीट से हटाए गए. यह सीट विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री कृष्णा गौर का क्षेत्र है. यहां कुल 97 हजार 052 मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए, जो राज्य में सर्वाधिक आंकड़ा माना जा रहा है.''

जानकारी देते मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा (Etv Bharat)

बीएलओ सहित 71 हजार से ज्यादा कर्मचारी SIR में रहे सक्रिय

अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में व्यापक प्रशासनिक भागीदारी रही. 55 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 230 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 533 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों और 71,930 बूथ लेवल अधिकारियों ने मिशन मोड में कार्य किया. घर-घर सर्वेक्षण कर दिवंगत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की गई.

चार माह चला विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR)

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 27 अक्टूबर 2025 से राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया था. करीब चार माह चली प्रक्रिया में दावे और आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की गईं. 14 फरवरी 2026 तक इनका सत्यापन कर निराकरण किया गया. इस अभियान के दौरान 5.74 करोड़ मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर उनका डिजिटलीकरण किया गया. प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 मतदाता दर्ज हुए थे, जबकि अंतिम सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 065 नाम शामिल किए गए.

MADHYA PRADESH FINAL VOTER LIST
अंतिम सूची की जानकारी देते अधिकारी (Etv Bharat)

नए मतदाता ऐसे जुड़वा सकते हैं नाम

18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा प्रपत्र संख्या 6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं. विवरण संशोधन के लिए प्रपत्र 8 और आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रपत्र 7 का उपयोग किया जा सकता है. आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें- SIR में मध्य प्रदेश के इस जिले ने बनाया रिकॉर्ड, बड़े-बड़े जिलों को पछाड़ा, इतने नाम कटे

मतदाता अपना नाम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट https://ceoelection.mp.gov.in, वोटर पोर्टल voters.eci.gov.in ऐप, संबंधित बीएलओ या जिला निर्वाचन अधिकारी, ईआरओ, एईआरओ कार्यालय में जांच सकते हैं.