ETV Bharat / state

देहरादून में गाड़ी हटाने को लेकर भिड़े दो पक्ष, पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप, 3 गिरफ्तार

गाड़ी हटाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट मामले में पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है.

Dehradun Crime
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 23, 2026 at 7:43 AM IST

|

Updated : August 23, 2026 at 2:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और हथियार दिखाने तक पहुंच गया. एक हॉस्टल के पास सड़क पर हुए इस विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक पक्ष ने डंडे से हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष ने लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर धमकाने का प्रयास किया. पुलिस ने मौके से लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, डंडा और फॉर्च्यूनर कार बरामद की है.

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस: 21 अगस्त की रात कंट्रोल रूम से एक हॉस्टल के पास कुछ लोगों के बीच मारपीट और हुड़दंग की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में सड़क पर एक बस और फॉर्च्यूनर कार खड़ी दिखाई दी. दोनों वाहनों के पास दो व्यक्ति आपस में झगड़ते नजर आए. एक के हाथ में डंडा था, जबकि दूसरे के हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही थी.

जांच में एक व्यक्ति की पहचान झाझरा निवासी गौरव के रूप में हुई. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. गौरव ने बताया कि वह एक निजी शिक्षण संस्थान की बस चलाता है और रात में मांडूवाला स्थित अपने घर जा रहा था. हॉस्टल के पास फॉर्च्यूनर चालक सड़क पर हाई बीम लाइट के साथ वाहन खड़ा किए था. हॉर्न देने के बावजूद वाहन नहीं हटाने पर विवाद शुरू हुआ.

डंडे से हमला, फिर पिस्टल दिखाने का आरोप: विवाद बढ़ने पर गौरव ने बस से डंडा निकालकर फॉर्च्यूनर चालक पर वार कर दिया. इसी दौरान फॉर्च्यूनर चालक का एक साथी भी मौके पर पहुंच गया. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने पिस्टल दिखाकर गौरव को धमकाया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की. गौरव से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने फॉर्च्यूनर सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में की. दोनों के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने अस्पताल परिसर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने गौरव, मनीष नेगी और नीरज राजपूत को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस बरामद किए है. साथ ही लाइसेंसी पिस्टल के दुरुपयोग को गंभीरता से लेते हुए उसके शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है. सार्वजनिक स्थान पर गुंडई और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
-नरेश राठौर, थाना प्रेमनगर प्रभारी-

लाइसेंसी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद: पुलिस ने नीरज राजपूत के नाम पर लाइसेंसी पिस्टल बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, इसी पिस्टल को घटना के दौरान बस चालक को दिखाकर धमकाने का प्रयास किया गया था. तीनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने, घातक हथियार का प्रदर्शन करने और लाइसेंसी पिस्टल के दुरुपयोग के आरोप में थाना प्रेम नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें-

Last Updated : August 23, 2026 at 2:12 PM IST