सेलाकुई में कूड़ा फेंकने को लेकर उपजे विवाद में चले लाठी डंडे, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
देहरादून के सेलाकुई में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने परिवार को पीटा, पीड़ित महिला ने पुलिस में दी तहरीर

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 2, 2026 at 5:27 PM IST
विकासनगर: सेलाकुई के प्रगति विहार इलाके में कूड़ा फेंकने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. जहां कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. मामले में पीड़िता परिवार ने पड़ोसियों पर अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. साथ ही लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है. शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला? दरअसल, सेलाकुई के प्रगति विहार निवासी एक महिला ने थाना सेलाकुई में एक शिकायत दी है. जिसमें महिला का आरोप है कि उनकी पड़ोसी एक महिला और उनका परिवार काफी समय से उनके घर के बाहर कूड़ा-करकट और गंदा पानी डाल रहा था. जब वो इसका विरोध करते हैं, तो अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता है. आरोप है कि इस बार भी उन्होंने विरोध किया, तो पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर जानलेवा हमला कर दिया.
शिकायत के मुताबिक, बीती 30 जून को इसी विवाद पर पीड़िता की पड़ोसी महिला, उसकी बेटी, बहन और अन्य महिला रिश्तेदारों के बीच कहासुनी हुई. इस दौरान पीड़िता ने अपने पति को मौके पर बुलाया. आरोप है कि कुछ देर बाद पड़ोसी महिला के पति दीपक, पांच अन्य अज्ञात युवकों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे. जहां बिना किसी उकसावे के पीड़िता और उनके पति पर बेरहमी से हमला कर दिया.
जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप: पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उनके बेटे को भी नहीं बख्शा और उसे भी निशाना बनाया. जान बचाने के लिए जब परिवार घर के अंदर भागा, तो हमलावरों ने घर के मुख्य गेट तक आकर उन पर प्रहार किए और जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता का कहना है कि उन्होंने और उनके परिवार ने केवल अपनी सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा में प्रतिरोध किया.
पीड़िता ने दावा किया है कि इस पूरी हिंसक घटना की फुटेज घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई है. घटना के बाद दंपत्ति का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया गया है. पीड़िता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल, पीड़ित परिवार दहशत के साए में है और उन्होंने पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है.
"मामले में शिकायत मिली है. जिस पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है."- विवेक भंडारी, एसआई, थाना सेलाकुई
ये भी पढ़ें-

