ETV Bharat / state

फरीदाबाद में स्टंट के चक्कर में गई जान, खाई में गिरी थार, 15 वर्षीय नाबालिग की मौत, 2 घायल

हरियाणा के फरीदाबाद में स्टंट के चलते थार खाई में गिर गई और 15 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई है.

Fifteen year old boy died in a Faridabad stunt falling thar into a ditch on a mountainside
फरीदाबाद में स्टंट के चक्कर में गई जान (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 24, 2026 at 11:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र स्थित गांव सिरोही के पहाड़ पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. पहाड़ी इलाके में स्टंट करते समय थार गाड़ी करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में 15 वर्षीय किशोर सोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक और एक अन्य किशोर घायल हो गए.

नौवीं कक्षा का छात्र था सोहन : घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. मृतक सोहन नौवीं कक्षा का छात्र था. उसके पिता प्रमोद एक निजी उद्योग में कार्यरत हैं और परिवार करनेरा की बालाजी कॉलोनी में रहता है. बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवाया गया. घायलों में 20 वर्षीय विकास और 16 वर्षीय हेमंत शामिल हैं. दोनों का इलाज धौज स्थित अलफलाह अस्पताल में चल रहा है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोहन के घर के पीछे गली में रहने वाले विकास के परिवार ने करीब एक महीने पहले ही थार गाड़ी खरीदी थी. गाड़ी को 20 वर्षीय विकास चला रहा था.

खाई में जा गिरी थार गाड़ी : आज मंगलवार दोपहर विकास ने सोहन और हेमंत को साथ चलने के लिए कहा और तीनों घूमने निकल पड़े. बताया जा रहा है कि वे मुख्य सड़क छोड़कर करीब एक किलोमीटर अंदर पहाड़ी क्षेत्र में पहुंच गए. वहां खाई के किनारे गाड़ी खड़ी कर स्टंट करने लगे और फोटो-वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान विकास से गाड़ी चलाते समय बड़ी गलती हो गई. उसने आगे बढ़ने की बजाय गलती से रिवर्स गियर लगा दिया, जिससे गाड़ी अचानक पीछे की ओर तेज़ी से लुढ़की और खाई में जा गिरी.

जानलेवा साबित हो सकती है लापरवाही : सड़क से गुजर रहे लोगों ने हादसा होते देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से बाहर निकाला. उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोहन को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी. धौज थाना प्रभारी दर्पण कुमार का कहना है पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और क्रेन की मदद से थार गाड़ी को खाई से बाहर निकलवाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही लोगों से अपील करते हुए कहा है कि पहाड़ी और खतरनाक इलाकों में स्टंटबाजी से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है.