रक्षाबंधन आज: UP के बाजारों में रौनक, डिमांड में चांदी की राखियां, जमकर खरीदारी
बाजार में इस साल चांदी की राखियों की सबसे ज्यादा डिमांड है. कई तरह की रंग-बिरंगी राखियां भी बिक रही हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 7:03 AM IST
|Updated : August 28, 2026 at 7:27 AM IST
लखनऊ: देश में आज रक्षाबंधन का पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. सुबह से ही बाजारों में रौनक नजर आ रही है. राजधानी सहित पूरे प्रदेश में रक्षाबंधन का त्योहार पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं. बहनें भाइयों के लिए मिठाइयां खरीद रही हैं. वहीं, भाई बहनों के लिए तोहफे खरीद रहे हैं. मंहगाई भले बढ़ी है, लेकिन त्योहार के उत्साह में कोई कमी नहीं है.
मिठाई के दुकानदारों ने बताया कि चीनी की कीमत बढ़ने से थोड़ा-बहुत असर पड़ा है. मिठाई के दाम 100 से 150 रुपए किलो तक बढ़े हैं. एक दुकानदार ने बताया कि कुछ मिठाइयों की कीमत में 100 रुपए तो कुछ में 50 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है.
उनका कहना है कि पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े, फिर मिठाइयों के दाम बढ़ाए गए. अब चीनी महंगी होने से एक बार फिर रेट में उछाल आया है.
रक्षाबंधन को देखते हुए बाजारों में तरह-तरह की राखियां भी उपलब्ध हैं. रुद्राक्ष राखी से लेकर 'इविल आई' राखी तक की खास मांग है. इविल आई राखी करीब 100 रुपए में मिल रही है, जबकि रुद्राक्ष राखी 10 से 100 रुपए तक उपलब्ध है. सामान्य रंग-बिरंगी राखियां 20 से 3000 रुपए तक की रेंज में मिल रही हैं.
लखनऊ के सर्राफा बाजार में सोने-चांदी और हीरे की राखियों की भी खासी मांग है. चांदी की राखी 100 रुपए से शुरू होकर 4000 रुपए तक, सोने की राखी 80,000 से 1 लाख रुपए तक मिल रही है. हीरे की खूबसूरत राखी करीब 2 लाख रुपए में उपलब्ध है.
सर्राफा कारोबारी विनोद ने बताया कि इस बार चांदी की रुद्राक्ष राखी की मांग सबसे ज्यादा रही. अब तक करीब 2 लाख रुपए से अधिक की राखियां बिक चुकी हैं. सोने-हीरे की राखियां कम लोग खरीदते हैं, लेकिन चांदी की राखियों की खरीदारी जोरदार रही.

त्योहार की खुशियों में महंगाई का रंग: स्थानीय लोगों से बातचीत में महंगाई को लेकर नाराजगी साफ झलकी. लोगों का कहना है कि इस बार महंगाई महसूस हो रही है और त्योहार की खुशियों में महंगाई ने कुछ हद तक रंग फीका कर दिया है.
सब्जियों और दाल के दाम भी चढ़े: मिठाई ही नहीं रोजमर्रा की खाद्य सामग्री भी महंगी हो गई है. पिछले 15 दिनों में प्याज के दाम 40 रुपए से बढ़कर 60 रुपए प्रति किलो पहुंच गए हैं. टमाटर 30 से बढ़कर करीब 40 रुपए किलो तक बिक रहा है.
चने की दाल के दाम 70 से बढ़कर 85 रुपए किलो हो गया है. अरहर की दाल 120 से बढ़कर 130 रुपए किलो हो गई है. वहीं, जो चावल पहले 40 रुपए किलो मिलता था, अब 55 रुपए किलो बिक रहा है.

